कार की जिद में बेटे ने रची खुद के अपहरण की कहानी, ट्यूशन जाने घर से निकला नाबालिग, पिता को मैसेज भेजकर मांगी 5 लाख की फिरौती

Driven by a desire for a car, a minor boy staged his own kidnapping; having left home for tuition, he sent a message to his father demanding a ransom of 5 lakh rupees.

कार की जिद में बेटे ने रची खुद के अपहरण की कहानी, ट्यूशन जाने घर से निकला नाबालिग, पिता को मैसेज भेजकर मांगी 5 लाख की फिरौती


बिलासपुर/रतनपुर : बिलासपुर के एक नाबालिग ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरा परिवार और पुलिस परेशान हो गया. छात्र ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी तैयार की और पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांग ली. बेटे के अपहरण की खबर मिलते ही पिता थाने पहुंचे. पुलिस ने तलाश शुरू की और करीब चार घंटे के भीतर छात्र को सुरक्षित खोज निकाला. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि छात्र अपने माता-पिता से कार खरीदने की जिद कर रहा था. जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने दबाव बनाने के लिए खुद के अपहरण का नाटक रच दिया. यह मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है.
घर से निकला, फिरौती का संदेश आया
मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह छात्र स्कूटी से ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला. उसका पिता पेशे से शिक्षक हैं. और सुबह स्कूल चले गए थे. करीब डेढ़ घंटे बाद पिता के मोबाइल पर बेटे के नंबर से मैसेज आया. इसमें अपहरण किए जाने की बात लिखी थी और उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये मांगे गए थे. अचानक मिले इस मैसेज से पिता घबरा गए. उन्होंने पहले अपने स्तर पर बेटे को तलाशने की कोशिश की. लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो सुबह करीब 11:30 बजे रतनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की रिपोर्ट दी.
तालाब के पास मिली स्कूटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी. इसके बाद एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, क्राइम डीएसपी सुदीप सरकार और एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपथी की टीम ने छात्र की तलाश शुरू की. जांच के दौरान ग्राम चोरहा देवरी में तालाब के नजदीक छात्र की स्कूटी मिली. पुलिस की तकनीकी टीम ने मोबाइल की लोकेशन खंगाली तो पता चला कि उसका फोन आखिरी बार इसी इलाके में बंद हुआ था. इससे पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी.
खुद किया पिता को फोन
पुलिस की तलाश जारी थी. इसी बीच नाबालिग ने खुद अपने पिता को फोन किया. उसने बताया कि वह सुरक्षित है और ग्राम सेलर में मौजूद है. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची और शाम करीब 4 बजे छात्र को थाने ले आई. पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह कार खरीदना चाहता था. लेकिन माता-पिता उसकी मांग मानने को तैयार नहीं थे. इसी बात से नाराज होकर उसने खुद के अपहरण का मैसेज भेजा और पिता से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी. पुलिस ने उसे समझाइश दी और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb