हरि कृष्णा केयर अस्पताल में मरीजों से अवैध वसूली, मृत मरीजों के नाम पर क्लेम, रजिस्ट्रेशन रद्द, 16 अस्पतालों पर गिरी गाज, FIR की उठ रही मांग
Illegal overcharging of patients at Hari Krishna Care Hospital, insurance claims filed in the names of deceased patients; registration cancelled—16 hospitals face action, with growing demands for an FIR to be registered.
रायपुर : आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर गड़बड़ी करने वाले प्रदेश के 16 प्राइवेट अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है. विभाग ने इन अस्पतालों का आयुष्मान योजना के तहत रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है. 19 अस्पतालों की जांच में 16 में अलग-अलग तरह की गड़बड़ियां मिली हैं. इनमें मरीजों से इलाज के नाम पर ज्यादा पैसे लेना। बिना जरूरत भर्ती करना। इलाज के पैकेज में गलत कोड डालकर ज्यादा पैसा लेना और फर्जी दस्तावेज तैयार करना शामिल है. सबसे ज्यादा 8 अस्पताल रायपुर के हैं.
11 अस्पतालों में मरीजों से ज्यादा पैसे लेने के मामले
जांच रिपोर्ट के मुताबिक 16 अस्पतालों में सबसे ज्यादा 11 में मरीजों से एक्स्ट्रा पैसे वसूलने की शिकायत सही पाई गई. 7 अस्पतालों में बिना जरूरत मरीजों को भर्ती किया गया था. 5 अस्पतालों में इलाज के पैकेज की गलत कोडिंग मिली. इसके अलावा 6 अस्पतालों में एजेंटों के जरिए मरीज लाने और 2 अस्पतालों में फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले सामने आए हैं.
इन 16 अस्पतालों का रजिस्ट्रेशन रद्द
स्वास्थ्य विभाग की जांच में जिन अस्पतालों में गड़बड़ी मिली. उनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत दूसरे जिलों के अस्पताल शामिल हैं.
रायपुर:
श्री अनंत साई अस्पताल में एजेंटों के जरिए मरीज लाने।
एसके केयर अस्पताल में मरीजों से ज्यादा पैसे लेने और एजेंटों के जरिए मरीज लाने।
श्री महावीर अस्पताल में अतिरिक्त वसूली।
श्रीनिवास अस्पताल में फर्जी दस्तावेज और एजेंटों के जरिए मरीज लाने।
वरदान अस्पताल में पैकेज की गलत कोडिंग और जरूरी दस्तावेजों की कमी के साथ एजेंटों से मरीज लाने।
सुयश इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में अतिरिक्त वसूली, हेरिटेज अस्पताल में अतिरिक्त वसूली, गलत पैकेज कोडिंग और एजेंटों से मरीज लाने।
श्री रावतपुरा सरकार अस्पताल में अतिरिक्त वसूली, गलत पैकेज कोडिंग और एजेंटों से मरीज लाने की गड़बड़ी मिली.
दुर्ग: पल्स अस्पताल में पैकेज की गलत कोडिंग और मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने का मामला मिला। श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में बिना जरूरत भर्ती और अतिरिक्त वसूली की गई.
कोंडागांव: नेताम अस्पताल एवं इन्फर्टिलिटी सेंटर में मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने की गड़बड़ी मिली.
कोरबा/कटघोरा: हरि कृष्णा केयर अस्पताल में अतिरिक्त वसूली और बिना जरूरत मरीजों को भर्ती करने का मामला सामने आया.
बस्तर: स्वामी चंद्रशेखरानंद अस्पताल में बिना जरूरत भर्ती, गलत पैकेज कोडिंग और मरीजों से वसूली की गई.
कबीरधाम: जय जगन्नाथ हेल्थकेयर में मरीजों से अतिरिक्त पैसे लेने का मामला मिला.
बिलासपुर: अशोक प्रसूति मंदिर में गलत पैकेज कोडिंग, ज्यादा चार्ज लेने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की गड़बड़ी मिली. केयर एन क्योर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में मरीजों से ज्यादा पैसे वसूले गए.
3 अस्पतालों में बड़ी गड़बड़ी नहीं मिली
जांच के दौरान तीन अस्पतालों में कोई बड़ी गड़बड़ी नहीं पाई गई. इनमें बिलासपुर का मेहता चिल्ड्रन नर्सिंग होम, रायपुर का विजन सेंटर आई हॉस्पिटल और सरगुजा का डीएचटी अस्पताल शामिल है.
नर्सिंग होम एक्ट के तहत अलग से होगी जांच
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त संचालक इंद्रजीत बर्मन के मुताबिक जांच में गड़बड़ी मिलने वाले अस्पतालों पर आयुष्मान योजना के तहत कार्रवाई की गई है. नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए अलग टीम बनाई गई है.
फिलहाल 16 अस्पतालों पर हुई कार्रवाई आयुष्मान योजना के रजिस्ट्रेशन तक सीमित है. नर्सिंग होम एक्ट के तहत कार्रवाई अलग प्रक्रिया है.
इस कानून के तहत अस्पतालों के रजिस्ट्रेशन, संचालन, जरुरी सुविधाओं, स्टाफ और मरीजों को दी जाने वाली मेडिकल सर्विस के तय मानकों की जांच होती है. गंभीर गड़बड़ी मिलने पर अस्पताल का रजिस्ट्रेशन भी रद्द किया जा सकता है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
हरि कृष्णा केयर अस्पताल फंसा! मरीजों से अवैध वसूली और अनावश्यक भर्ती उजागर, पंजीयन निरस्त
कटघोरा की हरि कृष्णा केयर अस्पताल के खिलाफ एक्स्ट्रा वसूली और अनावश्यक भर्ती की अनियमितताएं सामने आने के बाद उसका आयुष्मान पंजीयन निरस्त किया गया है. लेकिन अब इसी अस्पताल को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आ रहा है. आरोप है कि एक मरीज को भर्ती कर 24 मरीजों के नाम पर भुगतान निकालने का खेल किया गया. आरोप यह भी हैं कि कुछ ऐसे मरीजों के नाम पर भी भुगतान लिए जाने की आशंका है, जो अब जीवित नहीं हैं. अगर ऐसा हुआ है तो यह बेहद गंभीर मामला होगा. अस्पताल के पुराने मेडिकल रिकॉर्ड, मृत्यु प्रमाण पत्र और आयुष्मान क्लेम हिस्ट्री की जांच जरूरी है.
कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की रेफरल व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है. आरोप है कि सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को कोरबा जिला अस्पताल भेजने के बजाय हरि कृष्णा केयर अस्पताल भेजा जाता है.
अस्पताल के संचालन से जुड़े डॉ. कृष्णा कंवर की पत्नी के कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीएमओ पद पर पदस्थ होने की बात सामने आई है. ऐसे में यह जांच का विषय है कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से निजी अस्पताल में मरीजों को भेजने की प्रक्रिया किस आधार पर संचालित हो रही है. क्या मरीजों को उनकी चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार रेफर किया जाता है या किसी प्राइवेट अस्पताल को फायदा पहुंचाने की व्यवस्था है? इस संभावित हितों के टकराव की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए.
जीवाश अस्पताल पर भी वसूली के आरोप, एम्बुलेंस संचालन पर सवाल
कटघोरा के जीवाश अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर भी मरीजों से कथित मनमानी वसूली और आर्थिक शोषण के आरोप सामने आ रहे हैं. गरीब परिवार इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचते हैं. लेकिन उनकी आर्थिक मजबूरी का फायदा उठाकर अनुचित रकम वसूली जा रही है या नहीं, इसकी जांच जरूरी है. इसके अलावा कटघोरा में प्राइवेट पंजीयन नंबर वाले वाहनों को एम्बुलेंस के रूप में संचालित किए जाने के आरोप भी हैं. आखिर इन वाहनों के पास आवश्यक अनुमति, फिटनेस और एम्बुलेंस संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं हैं या नहीं? क्या मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए किसी कमीशन व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है? परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग को इसकी संयुक्त जांच करनी चाहिए.
सिर्फ पंजीयन निरस्त करना काफी है या पूरे खेल की जांच होगी?
हरि कृष्णा केयर अस्पताल का आयुष्मान पंजीयन निरस्त होने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच सिर्फ एक्स्ट्रा वसूली और अनावश्यक भर्ती तक सीमित रहेगी या एक मरीज के नाम पर 24 मरीजों के कथित क्लेम, मृत मरीजों के नाम पर भुगतान की आशंका और सरकारी अस्पताल से निजी अस्पताल में रेफरल के पूरे मामले की भी जांच होगी?
स्वास्थ्य विभाग से मांग है कि अस्पताल के सभी पुराने आयुष्मान क्लेम, भर्ती रजिस्टर, डिस्चार्ज रिकॉर्ड, मरीजों की वास्तविक स्थिति और रेफरल रजिस्टर का स्वतंत्र ऑडिट कराया जाए. जीवाश अस्पताल की शिकायतों और कथित अवैध एम्बुलेंस संचालन की भी जांच हो. आखिर गरीबों के इलाज के लिए बनी आयुष्मान योजना में मरीजों की मजबूरी ही कमाई का जरिया बन गई है तो इसकी जवाबदेही कौन लेगा? अब देखना है कि स्वास्थ्य विभाग सिर्फ पंजीयन निरस्त कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है या कथित फर्जीवाड़े की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई करता है.
आयुष्मान योजना में गड़बड़ी करने वाले अस्पतालों पर FIR हो : आम आदमी पार्टी
रायपुर : आम आदमी पार्टी ने आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के इलाज के नाम पर कथित अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अस्पतालों के संचालकों एवं प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज कर फौरन गिरफ्तारी की मांग की है.
आप नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेश के 19 अस्पतालों की जांच में 16 अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. जिसके बाद इन अस्पतालों का आयुष्मान योजना के तहत पंजीयन निरस्त किया गया है. पार्टी का आरोप है कि सिर्फ पंजीयन रद्द करना पर्याप्त नहीं है. बल्कि मरीजों और सरकारी योजना के साथ धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई भी होनी चाहिए.
आप नेताओं के मुताबिक जांच में सामने आया कि कुछ अस्पतालों से जुड़े एजेंट आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को अस्पताल लाने के बदले इलाज की रकम का करीब 10 से 15% तक कमीशन लेते थे. पार्टी ने इस पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर इसमें शामिल अस्पताल प्रबंधन और बिचौलियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है.
प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी की तरफ से नंदन सिंह, मिहिर कुर्मी, अजीम खान, सागर क्षीरसागर, विजय देवांगन, मनीष मेश्राम, नरेंद्र ठाकुर, विकास दास मानिकपुरी, बलवंत सिंह सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



