आरआई-पटवारी को ग्रामीणों ने दो घंटे तक बनाया बंधक, गलत सीमांकन का आरोप; सुसाइड की धमकी से मचा हड़कंप, वीडियो जमकर वायरल, FIR दर्ज

Villagers held an RI and Patwari hostage for two hours, accusing them of incorrect demarcation; a suicide threat sparked outrage, the video went viral, and an FIR was filed.

आरआई-पटवारी को ग्रामीणों ने दो घंटे तक बनाया बंधक, गलत सीमांकन का आरोप; सुसाइड की धमकी से मचा हड़कंप, वीडियो जमकर वायरल, FIR दर्ज

कोरबा : जमीन सीमांकन को लेकर करतला क्षेत्र के ग्राम नोनबिर्रा में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर गलत नापजोख का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया. आरोप है कि राजस्व निरीक्षक (आरआई) और हल्का पटवारी को करीब दो घंटे तक मौके पर रोके रखा गया और खुदकुशी कर फंसाने की धमकी भी दी गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है. यह मामला करतला थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक नोनबिर्रा हल्का में पदस्थ पटवारी प्रार्थी भरत चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि न्यायालय नायब तहसीलदार करतला के आदेश के पालन में 8 मई को राजस्व निरीक्षक जयपाल सिंह के साथ ग्राम नोनबिर्रा के बनियापारा स्थित खसरा नंबर 643/1 रकबा 0.085 हेक्टेयर भूमि का सीमांकन करने राजस्व टीम पहुंची थी. सीमांकन के दौरान आवेदक संतराम और उसके परिजनों ने नापजोख पर आपत्ति जताते हुए विवाद शुरु कर दिया.
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने आरआई और पटवारी की कार के पीछे मोटरसाइकिल खड़ी कर उन्हें मौके से जाने नहीं दिया. इस दौरान रस्सी लाकर बांध देने की धमकी दी गई. आरोप है कि संतराम के बेटे लीलाधर पटेल ने उसी रस्सी से खुकुषी कर लेने और राजस्व अधिकारियों को फंसा देने की बात कही.
राजस्व टीम का आरोप है कि उन्हें गाली-गलौज करते हुए “पैसा लेकर गलत सीमांकन” करने का आरोप लगाया गया. साथ ही कहा गया कि जब तक नायब तहसीलदार, कलेक्टर और थाना प्रभारी मौके पर नहीं आएंगे. तब तक किसी को जाने नहीं दिया जाएगा. इस वजह से सीमांकन की शासकीय प्रक्रिया बाधित हुई.
करतला पुलिस ने पटवारी भरत चौहान की रिपोर्ट पर संतराम, लीलाधर पटेल, हरिराम और हुकूमचंद पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि कई सालों से गलत सीमांकन की वजह से उन्हें इंसाफ नहीं मिल पा रहा है और उनकी असल जमीन की बजाय दूसरी जमीन की नाप की जा रही है. 
इस मामले में पटवारी की शिकायत पर बंधक बनाने वाले चार ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t