अब नेशनल हाईवे पर BMO ने मनाया बर्थडे सेलिब्रेशन, कार के बोनट पर केक काट जमकर की आतिशबाजी, वीडियो जमकर वायरल

A BMO celebrated his birthday on a national highway, cutting a cake on the bonnet of a car and setting off fireworks; the video went viral.

अब नेशनल हाईवे पर BMO ने मनाया बर्थडे सेलिब्रेशन, कार के बोनट पर केक काट जमकर की आतिशबाजी, वीडियो जमकर वायरल

कोरिया : प्रदेश में सड़क पर कार खड़ी कर या लग्जरी गाड़ियों का काफिला लगाकर केक काटकर उत्सव मनाए जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं. जिस पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कई मामले को संज्ञान लिया और राज्य सरकार को इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए. लेकिन इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. इनमें सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भी पीछे नहीं हैं.
ताजा मामला कोरिया जिले के सोनहत का है. जहां बीएमओ का नेशनल हाइवे पर कार के बोनट पर केक काटकर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. केक काटने के दौरान जमकर आतिशबाजी भी की जा रही है. वायरल वीडियो 28 नवंबर की रात का बताया जा रहा है.
वायरल वीडियो में केक काट रहा शख्स कोरिया जिले के सोनहत अस्पताल में पदस्थ बीएमओ अनीत बखला का है. बीएमओ का 28 नवंबर को जन्मदिन था. जन्मदिन को उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मनाया. उन्होंने बैकुंठपुर गेज नदी पुल के पास नेशनल हाइवे क्रमांक-43 पर ब्लैक कलर की कार नम्बर CG16 CR 0016 खड़ी की. फिर कार की बोनट पर केक रखकर काटा.
इस दौरान उनके दोस्त भी साथ थे. जो हेप्पी बर्थडे सांग गा रहे थे. इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई. मौके पर मौजूद दोस्तों ने ही अपने मोबाइल में इसका वीडियो बनाया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बता दें कि श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव राजेंद्र दास ने अपनी पत्नी का बर्थडे सड़क पर धूमधाम से सेलीब्रेट किया था. उनकी पत्नी ने लग्जरी कार की बोनट पर केक काटा और जमकर आतिशबाजी भी की. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सख्त नाराजगी जताई थी और सरकार को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए.
हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायाधीश अमितेंद्र प्रसाद की खंडपीठ ने सुनवाई करते हुए कहा था कि स्वास्थ्य मंत्री इस पर संज्ञान लें और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें. कोर्ट ने यह भी कहा कि सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों. लेकिन इसके बावजूद इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं. अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t