तंबाकू नहीं देने पर दोस्त को उतारा मौत के घाट, मुक्का मारकर गिराया, फिर सीने पर मारी लात; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, संदीप गिरफ्तार
A friend was killed for refusing to give him tobacco, punched him to the ground, and then kicked him in the chest; he died before reaching the hospital, Sandeep arrested.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के गृह जिला जशपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां तंबाकू नहीं देने पर दोस्त ने ही दोस्त की पीट-पीट कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. यह मामला नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोनकेल चराईखारा गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक 19 नवंबर को मृतक अशोक राम उम्र 35 साल के चाचा प्रार्थी विद्याधर ने थाना नारायणपुर में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे संदीप एक्का उम्र 35 साल और मृतक अशोक राम दोनों गांव के ही एक व्यक्ति के घर के आंगन में आग ताप रहे थे. तभी आरोपी संदीप एक्का ने अशोक राम से खाने के लिए तंबाखू मांगा. जिस पर अशोक राम ने बोला कि मेरे पास इतना पैसा नहीं है कि रोज रोज तंबाखू खिलाऊं. इसी बात पर संदीप एक्का व अशोक राम के बीच विवाद होने लगा.
विवाद के दौरान मृतक अशोक राम अपने घर की तरफ जाने लगा. जिसके पीछे संदीप एक्का भी गया और अशोक के घर जाकर उसने हाथ मुक्का से मारपीट करते हुए उसे जमीन में गिरा दिया. अशोक राम के सीने में लात से हमला किया. फिर संदीप एक्का वहां से चला गया. ग्रामवासियों ने वारदात की खबर सरपंच को दी. सरपंच ने जब अशोक राम के घर जाकर देखा तो पाया कि अशोक दर्द से कराहते हुए लेटा हुआ है. सरपंच के पूछने पर अशोक राम ने सरपंच को संदीप एक्का द्वारा सीने में लात से मारपीट करना बताया और दूसरे दिन सुबह इलाज के लिए अस्पताल जाने की बात कहीं. वारदात\ के दूसरे दिन अशोक राम ने इलाज के लिए अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया.
इस मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप एक्का उम्र 36 वर्ष के खिलाफ हत्या के लिए बीएनएस की धारा 103(1),332(A) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया. जांच के दौरान तत्काल पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना कर शव का पंचनामा किया. मृतक अशोक राम के शव का डॉक्टर से पोस्टमार्टम कराया.
डॉक्टर के शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मारपीट की वजह से शरीर में आई चोट की वजह से मौत होना बताया. पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का उम्र 36 साल को उसके घर से हिरासत गिरफ्तार किया. पूछताछ पर उसने जुर्म कबूल किया. फिर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया.
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशिमोहन सिंह ने बताया कि नारायणपुर क्षेत्र में एक गांव के दो व्यक्ति के बीच तंबाखू मांगने के नाम पर विवाद हुआ था. मारपीट में घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



