नेशनल हाइवे में डीजल टैंकर से तेज रफ्तार कार को जोरदार टक्कर, एक की मौत, 2 महिला समेत 4 घायल, ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा

A high-speed car collided with a diesel tanker on the national highway, killing one person and injuring four others, including two women. The accident occurred while trying to overtake.

नेशनल हाइवे में डीजल टैंकर से तेज रफ्तार कार को जोरदार टक्कर, एक की मौत, 2 महिला समेत 4 घायल, ओवरटेक करने के चक्कर में हादसा

अम्बिकापुर : अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे पर कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार कार की डीजल टैंकर से टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई. जबकि 2 महिला समेत 4 घायल हो गए. कार सवार सूरजपुर जिले की बताई जा रही है. ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरु की. 
मिली जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के मस्जिदपारा निवासी अजहर शेख उर्फ जुगनू उम्र 34 साल, मोहम्मद तौकीर उम्र 26 साल, शेख अब्दुल्ला उम्र 37 साल, सबाना शेख और साबिया शेख एक ही परिवार के सदस्य हैं. शनिवार की सुबह करीब 9 बजे ये सभी अपनी अल्टो कार में सवार होकर इलाज के लिए बिलासपुर जा रहे थे. वे करीब 11.30 बजे कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबिकापुर-बिलासपुर एनएच-130 पर ग्राम तानाखार के पास पहुंचे ही थे कि ओवरटेक करने के चक्कर में सामने से आ रहे डीजल टैंकर से कार की टक्कर हो गई.
हादसे में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. और उसमें सवार अजहर शेख उर्फ जुगनू की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि अन्य घायल हो गए. कार तौकीर चला रहा था. खबर मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी व तारा पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरु किया.
हादसे में कार चला रहा तौकीर ड्राइविंग सीट में बुरी तरह फंस गया था. जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. सभी को इलाज के लिए अपोलो बिलासपुर में भर्ती कराया गया है. हादसे की खबर सूरजपुर के मस्जिदपारा में अन्य परिजनों को हुई तो उनमें हडकंप मच गया. फोन से उन्होंने घायलों का हाल-चाल लिया. मृतक की 4 साल और 2 साल की बेटियां हैं. उनके सिर से पिता का साया उठ गया.
हादसे के बाद नेशनल हाइवे पर घटनास्थल के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार और टैंकर को सडक से हटाकर आवागमन शुरु कराया. हादसे की वजह कार द्वारा ओवरटेक करना बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t