गोद लिए बेटे ने बुजुर्ग मां की करवा दी हत्या, 40 हजार में दी सुपारी, मर्डर की प्लानिंग में बहू शामिल, किराए के किलर ने रस्सी से घोंटा गला

Adopted son got his elderly mother killed, gave contract for 40 thousand rupees, daughter-in-law was involved in the planning of murder, hired killer strangled her with a rope

गोद लिए बेटे ने बुजुर्ग मां की करवा दी हत्या, 40 हजार में दी सुपारी, मर्डर की प्लानिंग में बहू शामिल, किराए के किलर ने रस्सी से घोंटा गला

सारंगढ़ : सारंगढ़ जिले के सरसीवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडरीपानी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जमीन विवाद में एक बुजुर्ग महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. और चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या की साजिश खुद मृतका के गोद लिए बेटे ने रची थी.
मिली जानकारी के मुताबिक सरसींवा पुलिस थाना क्षेत्र के पड़रीपीली गांव में 80 साल की बुजुर्ग महिला मंझली बाई रहती थी. उसके गोद लिए बेटे भजनलाल ने अफनी पत्नी नोनी बाई के साथ मिलकर हत्या की प्लानिंग बनाई और फिर गांव के ही दो लोगों को हत्या के लिए 40 हजार रुपये में सुपारी दे दी. जिसके बाद गांव के ही दो सुपारी किलर ने बुजुर्ग महिला की प्लास्टिक बोरी के धागे से बनी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.
मंझली बाई ने आरोपी बेटे भजनलाल को गोद लिया था. भजनलाल की शादी नोनी बाई से हुई. भजनलाल गांव में ही रहकर खेती करता था. मंझली बाई के नाम सड़क किनारे 6 डिसमिल जमीन थी. भजनलाल इस जमीन को हथियाना चाहता था. लेकिन महिला ने देने से इंकार कर दिया था. जिसके बाद उसने फर्जी तरीके से जमीन अपने नाम करवा ली. जब महिला को अफने बेटे की करतूत पता चली तो उसने मामले की शिकायत कलेक्टर से की.
बुजुर्ग महिला की शिकायत के बाद बेटा और बहू परेशान रहने लगे. उन्होंने अपनी मां को प्रताड़ित करना शुरु कर दिया. आए दिन घर में लड़ाई झगड़े होते थे. दोनों ने अपनी मां को घर से बाहर निकाल दिया. खाना नहीं देते थे. बेटे की हरकत की कई बार उसने थाने में और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की. लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई. बुजुर्ग मां ने आरोपी बेटे पर मारपीट का आरोप लगाया था.
जिसके बाद बेटे और बहू ने सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश रची. उन्होंने गांव के ही सुपारी किलर राजा कुर्रे को 40 हजार रुपए दिए. राजा कुर्रे ने 16 जुलाई की रात को अपने एक साथी के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी. जिस समय हत्या हुई बेटे और बहू घर में ही थे.
एएसपी निमिषा पांडेय ने बताया कि 17 जुलाई की सुबह महिला की मौत की खबर गांववालों को मिली. पहले इसे सामान्य मौत माना गया लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गले पर चोट के निशान मिले. इसके बाद पुलिस को हत्या का शक हुआ. पुलिस ने महिला के बेटे 19 जुलाई को हिरासत में लिया. सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
इस जघन्य अपराध में उसकी पत्नी नोनी बाई, सुपारी किलर सावन दास मानिकपुरी और राजा कुर्रे भी शामिल थे. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था. जिसकी परिणति इस निर्मम हत्या के रुप में हुई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB