बाइक सवारों की मदद करना पड़ा भारी, रात 2 बजे घर में घुसकर मारपीट, महिला का मंगलसूत्र लूटा, तीन बदमाश गिरफ्तार, नाबालिग फरार, तलाश जारी
Helping bike riders proved costly: miscreants barged into a home at 2 AM, assaulted the occupants, and snatched a woman's *mangalsutra*; three accused arrested, a minor remains at large, and a search is underway.
बालोद : बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में एक परिवार को बाइक सवार युवकों की मदद करना भारी पड़ गया. बाइक उठाने को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि चार युवक देर रात लाठी-डंडे लेकर घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर दी. आरोपियों ने महिलाओं के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान एक महिला के गले से करीब 50 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र भी लूट लिया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. जबकि एक नाबालिग आरोपी की तलाश जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर निवासी सरिता जोगी 17 जुलाई को अपने मायके ग्राम रूदा आई थीं. उसी रात गांव में मोहित बारले और आर्यन गेण्ड्रे बाइक से गिर गए थे. घटना के बाद सरिता के भतीजे यश टंडन और उनके मामा हेमंत जोशी ने इंसानियत दिखाते हुए बाइक सवार युवकों की मदद की. उन्होंने बाइक को उठाया और दोनों युवकों को संभाला. इसी दौरान बाइक हटाने और उठाने में हुई देरी को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि मोहित बारले और आर्यन गेण्ड्रे ने यश टंडन के साथ मारपीट कर दी. हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और सभी अपने-अपने घर चले गए.
लेकिन विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ. 18 जुलाई की रात करीब 2 बजे मोहित बारले, आर्यन गेण्ड्रे, जालम गांड़ा और एक नाबालिग युवक लाठी-डंडे लेकर हेमंत जोशी के घर पहुंच गए. आरोपियों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी. हमले के दौरान आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धमकाया. इस दौरान सरिता की मौसी धनी कुर्रे के गले से करीब 50 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र छीन लिया. परिवार के लोगों ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की.
पीड़ित पक्ष ने पुलिस को खबर देने का प्रयास किया. लेकिन आरोपियों ने सरिता का मोबाइल फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया. जिससे मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद बदमाशों ने घर में लगे बिजली मीटर को भी तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने गुंडरदेही थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहित बारले उम्र 21 साल, आर्यन गेण्ड्रे उम्र 22 साल और जालम गांड़ा उम्र 26 साल को गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
गुंडरदेही थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 111, 296, 309(6), 324(4), 331(6) और 351(3) के तहत कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि घटना में शामिल एक नाबालिग आरोपी अभी फरार है. जिसकी तलाश पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी और विवादित प्रवृत्ति के हैं. पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी जालम गांड़ा के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फरार नाबालिग आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. वहीं मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



