लिव-इन में रह रहे प्रेमी-प्रेमिका ने वेलेंटाइन डे से पहले की आत्महत्या, नाबालिग लड़के को घर वालों ने रुकने कहा, शादी में देरी बनी वजह?
Live-in couple commits suicide before Valentine's Day; minor boy asked to stay by family; delay in marriage the reason?
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले में वेलेंटाइन वीक में लिव इन में रह रहे एक कपल ने शादी में हो रही देरी होने की वजह से सुसाइड कर लिया। लड़का 18 साल का था. वहीं लड़की भी बालिग हो चुकी थी. लड़की का कहना था कि उसकी बदनामी हो रही है. परिजनों ने शादी के लिए हां कह दिया था. लेकिन लड़के की उम्र 21 साल नहीं होने की वजह से रुके हुए थे. यह मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक कपल पनकोटा गांव में एक अलग घर लेकर साथ रह रहा था. 11 फरवरी की रात अनीता सिंह उम्र 20 साल ने फांसी लगाकर जान दे दी. जब अनीता के बॉयफ्रेंड कृष्णा सिंह उम्र 18 साल ने फंदे पर अपनी गर्लफ्रेंड को लटके देखा तो वह भी घर के पास एक पेड़ पर फंदा बनाकर लटक गया.
करीब 2 साल पहले एक रिश्तेदार की शादी में हमाली गांव की रहने वाली अनीता सिंह उम्र 20 साल और अमलिहा गांव के रहने वाले कृष्णा सिंह उम्र 18 साल की मुलाकात हुई थी. वहां दोनों ने फोन नंबर एक्सचेंज किया और बातचीत करने लगे. कुछ समय बाद दोस्ती प्यार में बदल गई.
दोनों का मिलना जुलना, साथ रहना देखकर लड़की के घर वाले भी शादी के लिए मान गए थे. परिजनों ने सरकार के सामुहिक विवाह में शादी के लिए आवेदन भी दिया। लेकिन लड़के की उम्र कम होने की वजह से वह फॉर्म रिजेक्ट हो गया. लड़का अभी 18 साल का हुआ था. वहीं लड़की बालिग हो चुकी थी.
इस घटना के बाद दोनों मानसिक रुप से परेशान चल रहे थे शादी में देरी होने पर परिजनों की सहमति से दोनों ने गांव में एक अलग घर लिया था. जहां वे पिछले 3 महीने से रह रहे थे. इसी घर में लड़की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी पर झूल गई.
युवती के फांसी लगाने की जानकारी मिलते ही युवक ने उसे फंदे से नीचे उतारा. इसके बाद उसने भी घर के पास नीलगिरी के एक प्लॉट में करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर चढ़कर फांसी लगा ली.
युवक की नानी मानवति का कहना है कि लड़के की उम्र कम थी. दोनों ज्यादा दिन नहीं रुक पाएंगे कह रहे थे. देर रात सोते समय लड़की ने फांसी लगा ली. उसे लड़के ने नीचे उतारा. बच जाएगी सोचकर नीचे सुला दिया. लेकिन सांसे नहीं चल रही थी. पानी भी नहीं पी रही थी. जिसके बाद लड़का घर से भागकर गया और पेड़ पर फांसी लगा ली. दोनों को बचाने की कोशिश की. लेकिन नहीं बचा पाए.
मृतक युवक के पिता मान सिंह ने बताया कि दोनों को 2 साल रुकने के लिए बोले थे. लड़का मान गया था. लेकिन लड़की बोलती थी मैं दोनों तरफ से बदनाम हो गई. मेरी शादी नहीं हो रही. इसलिए फांसी में लटकी.
घटना की खबर मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



