बोलेरो और वैगनआर में जोरदार टक्कर, छठी कार्यक्रम से लौट रहे बाप-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत, पत्नी और भांजा घायल, मातम में बदली खुशियां
A Bolero and a WagonR collided, tragically killing a father and son returning from a Chhathi ceremony, injuring his wife and nephew. A moment of joy turned to mourning.
जांजगीर-चांपा : जांजगीर जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. बुचीहरदी गांव के पास पेट्रोल पंप और पुल के समीप बोलेरो और वैगनआर कार की आमने-सामने हुई टक्कर में पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद परिजन सदमे में है.
मिली जानकारी के मुताबिक अकलतरा क्षेत्र के अमोरा गांव निवासी रूपेश निर्मलकर उम्र 47 साल अपने बेटे राहुल निर्मलकर उम्र 24 साल, पत्नी भगवती निर्मलकर और भांजे के साथ सराईश्रृंगार डोंगरी गांव में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद पूरा परिवार कार से वापस अपने गांव लौट रहा था. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए.
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगनआर कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई. जबकि बोलेरो भी सड़क पर पलट गई. हादसे में रूपेश निर्मलकर और उनके बेटे राहुल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
वहीं, पत्नी भगवती और भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें बलौदा के राजकेशर हॉस्पिटल में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया. बताया जा रहा है कि बोलेरो में बच्चों सहित 9 लोग सवार थे. जो कोरबा जिले से छठी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे. उन्हें मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है. इस हादसे की खबर मिलने के बाद बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की दर्दनाक याद दिला गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



