ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश, दूध में नींद की दवा मिलाकर युवक को पिलाया और गमछे से दबाया गला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

A couple, harassed by blackmail, hatched a murder plot; they spiked a young man's milk with sleeping pills and strangled him with a scarf—both accused have been arrested.

ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश, दूध में नींद की दवा मिलाकर युवक को पिलाया और गमछे से दबाया गला, दोनों आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली : मुंगेली जिले के चिल्फी थाना क्षेत्र के ग्राम घानाघाट में संदिग्ध हालत में मिले 24 साल के युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पति-पत्नी ने योजनाबद्ध तरीके से युवक की हत्या की थी. युवक को घर बुलाकर दूध में नींद की दवा मिलाकर पिलाई गई और बेहोश होने के बाद गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को दूसरे स्थान पर फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले में मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा बाई पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम घानाघाट में 30 जुलाई 2026 की रात रामचंद पटेल के घर के पास अरुण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल, उम्र 24 साल का शव संदिग्ध हालत में मिला था. घटना की खबर मिलने के बाद डिंडौरी चौकी और चिल्फी थाना पुलिस ने मर्ग क्रमांक 17/26 के तहत जांच शुरू की.
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले मृतक अरुण पटेल, मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए थे. तीनों वहां एक ही कमरे में रहते थे. इसी दौरान अरुण और मनीषा के बीच संबंध बने और युवक ने निजी पलों का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था. गांव वापस आने के बाद अरुण कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था. इससे परेशान होकर मनीषा ने अपने पति मुकेश को पूरी बात बताई. पति-पत्नी ने पहले युवक को समझाने का प्रयास किया. लेकिन कथित धमकी और ब्लैकमेलिंग जारी रहने पर उन्होंने उसकी हत्या की प्लान बनाई.
जांच में पुलिस को मिले तथ्यों के मुताबिक आरोपियों ने अरुण को अपने घर बुलाया. वहां कथित तौर पर दूध में नींद की दवा मिलाकर उसे पिलाई गई. दूध पीने के बाद युवक के बेहोश होने पर गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई. पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद दोनों ने शव को रामचंद पटेल के घर के पास फेंक दिया. ताकि घटना को लेकर भ्रम पैदा किया जा सके. इसके बाद मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में इस्तेमाल गमछा मनियारी नदी में फेंक दिया गया. पुलिस इस मामले में सबूतों की जांच कर रही है.
मर्ग जांच के दौरान हत्या से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद चिल्फी थाने में अपराध क्रमांक 112/26 दर्ज किया गया. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 238(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस ने 34 वर्षीय मुकेश पटेल और उसकी 27 वर्षीय पत्नी मनीषा बाई पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर दोनों की कथित भूमिका सामने आई. इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?