तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, बेटी की शादी की खरीदारी कर लौट रहे पति-पत्नी की मौत, दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में पसरा सन्नाटा
A high-speed Scorpio collided with a motorcycle, killing a husband and wife who were returning from shopping for their daughter's wedding. The tragic accident left the entire area in a state of shock.
मुंगेली : मुंगेली जिले के फास्टरपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है. जिसमें बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे एक दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब पति-पत्नी शादी के लिए खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम लगरा निवासी इंद्रेश्वर तिवारी उम्र 56 साल और उनकी पत्नी देवेश्वरी तिवारी उम्र 48 साल अपनी बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर मुंगेली शहर पहुंचे थे. दोनों ने वहां से कपड़े और शादी से जुड़ा अन्य जरूरी सामान खरीदा और देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे. परिवार में शादी की खुशियों का माहौल था और सभी तैयारियां जोरों पर चल रही थीं.
लेकिन यह खुशियां अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गईं. नवोदय विद्यालय दाबो के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही फास्टरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही हादसे में शामिल स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस हादसे के बाद ग्राम लगरा में मातम छा गया है.
जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं. वहां अब गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है. परिवार के सदस्य और ग्रामीण इस घटना से गहरे सदमे में हैं. बेटी की शादी की खुशियों के बीच हुई इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही अक्सर होती है. जिससे हादसों का खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मालूम हो रहा है. हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी. पुलिस ने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह घटना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. एक खुशहाल परिवार की शादी की तैयारियां जहां होनी थीं, वहां अब सिर्फ आंसू और शोक का माहौल रह गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



