तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, दो अलग-अलग हादसों में 2 युवक की मौत, 2 युवतियां गंभीर, हादसे के बाद चालक फरार
A speeding tractor hit a bike rider, killing two young men and injuring two women in two separate accidents, with the driver absconding after the accident.
बिलासपुर : बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जरामनगर मोड़ स्थित मोहतरा चौक में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब धान से लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बाइक से जा टकराया. हादसा इतना जोरदार था कि बाइक चला रहा चिल्हाटी निवासी सिद्धू सिदार मौके पर ही दम तोड़ दिया. जबकि दो युवतियां प्रीति और रिया गंभीर रूप से घायल हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक तीनों जांजगीर-चांपा जिले के जावलपुर जर्वे से चिल्हाटी लौट रहे थे. तभी शाम करीब 6:45 बजे मोहतरा चौक के पास यह हादसा हो गया. टक्कर में प्रीति को सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं. जबकि रिया के पैर व होंठ बुरी तरह जख्मी हो गए. खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों प्राथमिक उपचार कर मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें सिम्स रेफर किया गया. उधर पुलिस ने सिद्धू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t
दूसरा मामला - ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत, चालक फरार
कोरबा : पाली क्षेत्र के चैतमा में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 साल के ग्रामीण युवक की जान चली गई. मजदूरी कर घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा पाली थाना क्षेत्र के चैतमा चौकी अंतर्गत सफलवा मार्ग पर हुआ. ग्राम पंचायत सफलवा निवासी सुमित धनवार बारी उमराव गांव से पैदल अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही सुमित सड़क किनारे जा गिरा. इसी बीच ट्रैक्टर भी बेकाबू हो गया और ट्रॉली समेत पलट गया. ट्रैक्टर के नीचे दबने से सुमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने इसकी खबर पुलिस को दी. चैतमा चौकी प्रभारी अफसर खान टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे. लेकिन उससे पहले ही ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो चुका था.
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया. हादसे में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली पाली निवासी सुमित सिंह की बताई जा रही है. जो पहाड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी काम करता है.
स्थानीय लोगों का दावा है कि ट्रैक्टर चालक शराब के नशे में था. जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और यह हादसा हुआ. मृतक सुमित धनवार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. जबकि उसके पिता खेती-किसानी से जुड़े हैं. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है. पुलिस फरार आरोपित चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



