सूने मकान में चोर ने बोला धावा, सीसीटीवी फुटेज बना अहम सुराग, चोरी का माल बरामद, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया सलाखों के पीछे
A thief attacked an empty house, CCTV footage became an important clue, stolen goods were recovered, the accused was arrested and sent behind bars
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के ग्राम कोदोबतर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने तत्परता से खुलासा कर दिया. सिटी कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के पास से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नगद रकम बरामद कर ली गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कोदोबतर निवासी वेदव्यास साहू ने 26 फरवरी 2025 को सिटी कोतवाली गरियाबंद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर में चोरी हो गई है. घटना के दिन वेदव्यास साहू की पत्नी और बच्चे खेत गए हुए थे. जबकि वह खुद गरियाबंद आया था. दोपहर 12 बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजा टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था. आलमारी में रखे 50 हजार रुपये नगद, एक सोने की हार, एक जोड़ी सोने की झुमका और चांदी की एक जोड़ी पायल, कुल मिलाकर ₹2,75,040 की कीमत के जेवरात चोरी हो गए थे.
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति हरे और नीले रंग की मॉडिफाइड मोटरसाइकिल में घूमता दिखा.
जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल ग्राम बहेराबुडा निवासी कुलेश्वर साहू के पास थी. पूछताछ करने पर उसने बताया कि बाइक ग्राम कोकड़ी, थाना कुरुद, जिला धमतरी निवासी कुलेश साहू की है.
पुलिस टीम ने ग्राम कोकड़ी पहुंचकर कुलेश साहू से पूछताछ की. जहां उसने जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने अपनी बाइक CG 05 1185 से कोदोबतर पहुंचकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और नगद रकम बरामद कर लिया. साथ ही चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई.
पुख्ता सबूतों के आधार पर आरोपी कुलेश साहू उम्र 38 साल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. इस कार्यवाही में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली गरियाबंद और उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही.
बरामद सामग्री
• नगद ₹50,000
• 1 सोने का हार
• 1 जोड़ी सोने का झुमका
• 1 जोड़ी चांदी की पायल
• चोरी में इस्तेमाल लोहे की रॉड
पुलिस की इस तेज कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष और सुरक्षा की भावना देखने को मिल रही है. अधिकारियों ने कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसी मुस्तैदी आगे भी जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



