दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला का अपहरण, मांगी 22 लाख की फिरौती, रकम नहीं मिलने पर बाइक सवार आरोपियों ने मारपीट कर 12 घंटे बाद छोड़ा

A woman was kidnapped in broad daylight after entering her home and demanding a ransom of 22 lakh rupees. When the money was not received, the bike-borne accused assaulted her and released her after 12 hours.

दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला का अपहरण, मांगी 22 लाख की फिरौती, रकम नहीं मिलने पर बाइक सवार आरोपियों ने मारपीट कर 12 घंटे बाद छोड़ा

सूरजपुर : नगर से सटे पर्री गांव के सरना पारा में चार दिन पहले एक महिला के रहस्यमय ढंग से गायब होने और अपहरणकर्ताओं द्वारा उसके पति से 22 लाख रुपये फिरौती मांगने की घटना का रहस्य अब भी बरकरार है. हालांकि बाइक सवार आरोपितों ने 12 घंटे बाद देर रात महिला को उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर छोड़ दिया था. महिला के साथ मारपीट भी की गई थी. घायल महिला का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है. दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे नगर में सनसनी फैल गई.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 अप्रैल की दोपहर करीब ढाई बजे बाइक सवार नकाबपोश युवक सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर पहुंचे. उस समय घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं. आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर मारपीट की, बेलन-पीढ़ा से हमला किया और जबरन बाइक पर बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए. इस मामले में कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति पेत्रुस कुजूर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(2) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी पेत्रुस कुजूर ने बताया कि वे 29 अप्रैल को सुबह अपनी दुर्घटनाग्रस्त कार बनवाने अंबिकापुर गए थे. उस समय उनकी पत्नी ललिता कुजूर घर में अकेली थीं. दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वे घर लौटे तो पत्नी घर में नहीं मिलीं. घर का सामान अस्त-व्यस्त था. टूटी चूड़ियां पड़ी थीं और खून के छींटे भी दिखाई दिए. इससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई.
इसी दौरान उनकी पत्नी के मोबाइल से कॉल आया. जिसमें आरोपितों ने 22 लाख रुपये की फिरौती मांगी. इस पर उन्होंने फौरन पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले. लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 12 घंटे बाद आरोपित महिला को घायल हालत में उसके घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बायपास के पास छोड़कर फरार हो गए. महिला किसी तरह पास के एक घर तक पहुंची और मदद लेकर अपने पति को खबर दी. घायल और सदमे में आई महिला को पुलिस की सलाह पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t