नदी में दो दिन तक जिंदगी से जूझता रहा युवक, मदद की पुकार सुनकर करचिया के युवाओं ने जोखिम उठाकर बचाई जान, ट्यूब के सहारे निकाला बाहर
A young man battled for his life in the river for two days; hearing his cries for help, youths from Karchiya took a risk to save him, pulling him out with the aid of a tube.
गरियाबंद : गरियाबंद जिले के देवभोग विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत करचिया में इंसानियत और हिम्मत की मिसाल देखने को मिली. उफनती तेल नदी के बीच दो दिनों से फंसे मानसिक रूप से कमजोर युवक को गुरुवार शाम करचिया के दो युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मिली जानकारी के मुताबिक ऊपरपीटा निवासी फूल सिंह यादव अपने रिश्तेदार के यहां करचिया आया था. भोजन करने के बाद वह अपने गांव लौटने के लिए तेल नदी पार करने लगा. इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह बीच धारा में फंस गया. तेज बहाव की वजह से वह न आगे बढ़ सका और न ही वापस लौट पाया.
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे करचिया के एक ग्रामीण की नजर नदी के बीच फंसे युवक पर पड़ी युवक जोर-जोर से चिल्लाकर मदद की गुहार लगा रहा था और कह रहा था कि “मैं नदी में फंस गया हूं, मुझे बचा लो.” ग्रामीण ने फौरन गांव पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी और उसके परिजनों से संपर्क किया तब पता चला कि नदी के बीच फंसा युवक ऊपरपीटा निवासी फूल सिंह यादव है. जो पिछले दो दिनों से वहीं फंसा हुआ था.
हालांकि सुबह नदी का जलस्तर और बहाव इतना तेज था कि फौरन रेस्क्यू करना संभव नहीं था. इसलिए ग्रामीण लगातार उस पर नजर बनाए रहे और पानी कम होने का इंतजार करते रहे. शाम को जब नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ. तब करचिया के ठाकुर निषाद और देवी सिंह यादव ने ट्यूब के सहारे नदी में उतरकर जान जोखिम में डाली और हिम्मत का परिचय देते हुए फूल सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
ग्रामीणों ने दोनों युवाओं की बहादुरी की जमकर सराहना की. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते यह साहसिक रेस्क्यू नहीं किया जाता. तो बड़ा हादसा हो सकता था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



