घर में घुसकर मारपीट, कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश का आरोप, मां के हाथ में आई गंभीर चोट, तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
Accusation of barging into a home, assault, and attempted axe attack; mother sustains serious hand injury; FIR registered against three accused.
बालोद/डौंडी : बालोद जिला में डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबनी (अ) में घर में घुसकर मारपीट करने और कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है. घटना में बीच-बचाव करने पहुंची शिकायतकर्ता की मां के बाएं हाथ की उंगलियों के पास चोट आने की बात सामने आई है. मामले में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह मामला डौंडी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबनी(अ) का है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम धोबानी निवासी भूषण साहू पिता किशोर साहू ने शिकायत में बताया कि 11 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे तीन लोग उसके घर पहुंचे. आरोप है कि वे घर के अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान दीपचंद ने कुल्हाड़ी से हमला करने का प्रयास किया. बीच-बचाव करने पहुंची शिकायतकर्ता की मां के बाएं हाथ की उंगलियों के पास चोट आई. घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग सुरेश मांडवी और रामचरण राउत भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया. शिकायत के मुताबिक आरोपियों के वहां से जाते समय भी कुल्हाड़ी से हमला करने की कोशिश की गई.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रमोद कोवाची, दीपचंद और साहिल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 296, 3(5), 331(2) एवं 351(3) के तहत एफआईआर क्रमांक 0139/2026 दर्ज की है. घटना की रिपोर्ट 11 अक्टूबर 2026 को रात 11:06 बजे दर्ज किए जाने का उल्लेख है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



