अज्ञात वाहन से बोलेरो की टक्कर, महिला की मौत, 8 घायल, कांग्रेस नेता पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने दिखाया मानवता का परिचय

Bolero collides with unknown vehicle, woman dies, 8 injured, Congress leader and former MLA Dhanendra Sahu shows humanity

अज्ञात वाहन से बोलेरो की टक्कर, महिला की मौत, 8 घायल, कांग्रेस नेता पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने दिखाया मानवता का परिचय

राजिम : रायपुर से राजिम की तरफ आ रहे बोलेरो वाहन की तेजा राइस मिल के पास शाम करीब 7 बजे एक अज्ञात वाहन से भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस दर्दनाक हादसे में वाहन में सवार 9 लोगों में से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए.
इस हादसे के फौरन बाद मौके पर मौजूद अभनपुर के पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू ने मानवता की मिसाल पेश की. उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर घायलों की मदद की. और उन्हें अपनी गाड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजिम पहुंचाया। वहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया. गंभीर रुप से घायल यात्रियों को रायपुर रेफर कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की है. उधर पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरु कर दी है और मामले की जांच जारी है.
पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया है. इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपी वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB

बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता धनेन्द्र साहू गरियाबंद पहुँचे थे. जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल हुए और कई मुद्दों पर प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया.
साहू ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आगामी 7 जुलाई को रायपुर में एक विशाल जनसभा में शामिल होने आ रहे हैं. यह सभा रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में ‘किसान, जवान, संविधान’ थीम पर आयोजित होगी. इसमें खड़गे के साथ कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहेंगे.
पूर्व मंत्री साहू ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश और ऊर्जा भरने का काम करेगा. उन्होंने दावा किया कि भाजपा की साय सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है. और प्रदेश की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है.
पूर्व मंत्री साहू ने कहा कि भाजपा की मौजूदा सरकार ने डेढ़ साल में 17 से ज्यादा जनकल्याणकारी योजनाएँ बंद कर दीं. बावजूद इसके सरकार ने हजारों करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं कर रही है. किसानों को समर्थन मूल्य, बोनस और अन्य योजनाओं से वंचित रखा जा रहा है.
धनेन्द्र साहू ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर कांग्रेस सरकार के समय सबसे कम थी. लेकिन भाजपा शासन में यह दर तेजी से बढ़ी है. भाजपा ने वादा किया था कि 5 साल में 1 लाख युवाओं को रोजगार देंगे. लेकिन डेढ़ साल बीतने के बावजूद अब तक सरकारी भर्ती नहीं निकाली गई. 33,000 से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, लेकिन सरकार चुप बैठी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB