ढाबा संचालक नाबालिग को बना रहा हवस का शिकार, विरोध करने पर मारपीट, तंग आकर पीड़िता ने दी जान, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Dhaba owner sexually assaults minor girl, beats her when she resists; victim commits suicide; police arrest accused
राजनांदगांव : राजनांदगांव जिला में थाना सोमनी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे खुदकुशी के लिए उकसाने के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कई धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की थी.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता के परिजनों ने थाना सोमनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी नाबालिग बेटी करीब दो-तीन महीने पहले नौकरी के लिए राजनांदगांव के टेडेसरा स्थित एक कॉल सेंटर में काम करने आई थी. इस दौरान वह टेडेसरा में स्थित रंजीत सिंह के ढाबे में रहती थी. बाद में वह करीब 15 दिनों से टेडेसरा के एक किराए के मकान में रहने लगी थी.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका ने उन्हें जानकारी दी थी कि रंजीत सिंह उसके साथ मारपीट करता था और जबरन शारीरिक संबंध बनाता था. इतना ही नहीं, घर वापस जाने की बात करने पर आरोपी उसे कमरे में बंद कर देता था. परिजनों का आरोप है कि आरोपी के लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर नाबालिग ने खुदकुशी कर ली.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रंजीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64, 127(2), 108 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की. नाबालिग से जुड़े संवेदनशील और गंभीर मामले को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई.
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक दिलीप पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी रंजीत सिंह पिता शीतल सिंह उम्र 22 साल निवासी ग्राम सौन्दर, थाना डुग्गीपार, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र), हाल पता पीएनआर ढाबा, अरोरा फ्यूल्स, टेडेसरा, थाना सोमनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया. जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई.
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलीप पटेल, उप निरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक चैतुराम आर्य, प्रधान आरक्षक दुलेश्वर साहू, आरक्षक दिनेश वर्मा, मनोज हरमुख और थाना सोमनी के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



