भाजपा नेता के खेत में उगी चुनावी जड़ी बूटी, गरियाबंद कांग्रेस ने फूंका पुतला, जिला अध्यक्ष बोले- सरकार का संरक्षण-इस्तीफा दे गृह मंत्री

Election herb grows in BJP leader's field, Gariaband Congress burns effigy, District President says, "Government protection - Home Minister should resign."

भाजपा नेता के खेत में उगी चुनावी जड़ी बूटी, गरियाबंद कांग्रेस ने फूंका पुतला, जिला अध्यक्ष बोले- सरकार का संरक्षण-इस्तीफा दे गृह मंत्री

गरियाबंद : गरियाबंद में प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. नगर के तिरंगा चौक पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा का पुतला दहन किया और नशे के कारोबार पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि हाल ही में दुर्ग जिले के समोदा गांव में एक फार्म हाउस के भीतर करीब 10 एकड़ जमीन में अफीम की खेती का खुलासा हुआ है. कांग्रेस का आरोप है कि यह खेती भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा करवाई जा रही थी.
पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि खाकी अब अपराध रोकने के बजाय शायद सहयोगी की भूमिका में ज्यादा सहज महसूस कर रही है नैतिकता और जिम्मेदारी जैसे शब्द अब सिर्फ डिक्शनरी की शोभा बढ़ा रहे हैं. इसीलिए गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है.
बेसरा ने बताया कि विनायक ताम्रकार भाजपा के दुर्ग जिले में किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में भाजपा के राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के कई बड़े नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया में मौजूद हैं और वे पार्टी के सक्रिय व स्थापित नेता माने जाते हैं.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री Shivraj Singh Chouhan, केंद्रीय मंत्री Tokhan Sahu, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री Vijay Sharma, कृषि मंत्री Ramvichar Netam, शिक्षा मंत्री Gajendra Yadav, सांसद Vijay Baghel और भाजपा के राष्ट्रीय नेता Ajay Jamwal सहित कई नेताओं के साथ ताम्रकार की तस्वीरें सार्वजनिक हैं. ऐसे में बिना राजनीतिक संरक्षण के इतने बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होना संभव नहीं है.
बेसरा ने आरोप लगाया कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में जुआ, सट्टा, शराब तस्करी और नशे का कारोबार तेजी से बढ़ा है. उन्होंने कहा कि शहरों के आउटर इलाकों में खुल रहे कैफे युवाओं को नशा परोसने के केंद्र बनते जा रहे हैं और पुलिस इसे रोकने के बजाय मूकदर्शक बनी हुई है.
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान वर्षों से चल रहे हुक्का बार बंद कराए गए थे और सूखे नशे के कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई गई थी. लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद एक बार फिर से नशे का कारोबार बढ़ गया है. उनका आरोप है कि सरकार नशे के कारोबार पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है.
बेसरा ने कहा कि पिछले दो साल में शराब, गांजा, अफीम और हेरोइन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है. उन्होंने मांग की कि प्रदेश में नशे के बढ़ते नेटवर्क और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका भी खुलासा होना चाहिए.
इस विरोध प्रदर्शन में सुखचंद बेसरा, रमेश शर्मा, नीरज ठाकुर, सन्नी मेमन, राजेश साहू, मेघनाथ बघेल, चमन साहू, जुनैद खान, चंद्रभूषण चौहान, अमित मिरी, सुरेश मानिकपुरी, रमेश मेश्राम, पंचराम, भूपेंद्र साहू, गणेश राम नेताम, सुभाष, अब्दुल कादर हिंगोरा सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB