लव मैरिज के 5 साल बाद संदिग्ध हालत में मौत, पिता ने जताई हत्या की आशंका, 10 दिन बाद कब्र से निकाला गया विवाहिता का शव
Five years after a love marriage, a woman died under suspicious circumstances; her father suspected murder. Her body was exhumed 10 days later.
बिलासपुर : लव मैरिज के 5 साल बाद विवाहिता की घर पर संदिग्ध हालत में मौत हो गई. घटना की खबर पति ने उसके घर वालों को दी और उनकी मौजूदगी में विवाहिता का अंतिम संस्कार कर दिया. अंतिम संस्कार के बाद विवाहिता के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की. दफन करने के 10 दिन बाद पुलिस ने अफसरों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया. अब शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला का है.
मिली जानकारी के मुताबिक चकरभाठा थाना क्षेत्र के बुंदेला गांव में रहने वाली 23 साल की जया सांडे का पांच साल पहले गांव के अर्जुन सांडे से प्रेम विवाह हुआ था. बीते 27 नवंबर को वह घर का काम कर रही थी. तभी उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई. उसने ससुराल वालों को इसकी जानकारी दी और घर पर आराम करने लगी. कुछ देर बाद घर के लोगों ने देखा तो जया की मौत हो चुकी थी. इसकी खबर गांव के लोगों और जया के घर वालों को दी गई. मायके वालों ने घर आकर हंगामा करते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाए. तब गांव के लोगों ने उन्हें पूरे मामले की शिकायत पुलिस से करने की सलाह दी.
इसके बाद मायके वालों ने अंतिम संस्कार करने दिया. कफन-दफन के बाद मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए चकरभाठा थाने में शिकायत दर्ज कराई. परिजन के शिकायत पर पुलिस ने एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी की अनुमति के बाद राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर मृतका का शव बाहर निकाला. अब सिम्स में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इसके बाद मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



