दिल दहला देने वाला हादसा: तेज रफ्तार हाइड्रा ने ससुराल से लौट रहे बाइक सवार परिवार को रौंदा, 3 साल की मासूम की मौत, तीन गंभीर, आरोपी फरार

Horrific accident: Speeding Hydra crane runs over a family on a motorcycle returning from in-laws' home; 3-year-old child killed, three critically injured; accused absconding.

दिल दहला देने वाला हादसा: तेज रफ्तार हाइड्रा ने ससुराल से लौट रहे बाइक सवार परिवार को रौंदा, 3 साल की मासूम की मौत, तीन गंभीर, आरोपी फरार

कोरबा : कोरबा जिले में पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक के बांगो थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची की पहिए में फंसने से मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसके माता-पिता और एक साल का मासूम भाई गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद हाइड्रा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
मिली जानकारी के मुताबिक तनेरा निवासी राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता पोर्ते, तीन साल की बेटी स्नेहा पोर्ते और एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ बाइक पर ससुराल से अपने घर तनेरा से रावा की ओर लौट रहे थे, परिवार खुशी-खुशी घर जा रहा था, लेकिन रास्ते में पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाइड्रा ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक हाइड्रा के अगले पहिए में फंस गई और हाइड्रा उसे कुछ दूरी तक घसीटता रहा. इसी दौरान तीन साल की स्नेहा पहिए की चपेट में आ गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि राम कुमार, प्रेम लता और एक साल का इसरुस्तम सड़क पर गिरकर घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने दौड़कर हाइड्रा को रुकवाया और घायलों को संभाला. इसी बीच चालक वाहन छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय चालक मोबाइल पर बात कर रहा था. हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही असल वजह साफ होगी.
खबर पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा पहुंचाया गया. जहां उनका इलाज जारी है. मृत बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखा गया है. बांगो पुलिस ने मर्ग कायम कर हाइड्रा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?