इंस्टाग्राम रील से खुला शिकार का राज, 9 विशाल गिलहरियों के शिकार का आरोपी गिरफ्तार, घर से भालू की खाल बरामद, आरोपी बंसीराम गिरफ्तार
Instagram reel reveals poaching secret, suspect arrested for hunting 9 giant squirrels, bear skin recovered from home, accused Bansi Ram arrested
गरियाबंद-दंतेवाड़ा : वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की संयुक्त टीम ने 9 दुर्लभ भारतीय विशाल गिलहरियों के शिकार के आरोपी को बंसीराम कोवासी गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी-पोचिंग यूनिट, राज्य स्तरीय फ्लाइंग स्क्वाड और दंतेवाड़ा वन मंडल की मदद से की गई.
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब ओडिशा वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रील साझा की गई. इस वीडियो में दो व्यक्ति नौ भारतीय विशाल गिलहरियों के साथ नजर आए. यह प्रजाति वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल है. जिसे सर्वोच्च सुरक्षा प्राप्त है.
तलाशी के दौरान आरोपी के घर से एक स्लॉथ भालू (रीछ) की खाल और जानवरों को पकड़ने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले फंदे (स्नेयर्स) भी बरामद हुए हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बंसीराम कोवासी ने गिलहरियों का शिकार बुश मीट यानी जंगली मांस के लिए किया था.
वन विभाग के मुताबिक इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं. जिनकी तलाश जारी है. इस कार्रवाई में गरियाबंद पुलिस से मिली जानकारी भी बेहद अहम साबित हुई. वन विभाग ने साफ किया है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अवैध शिकार और वन्यजीवों के व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अगर उन्हें ऐसी कोई गतिविधि दिखाई दे तो फौरन इसकी खबर वन विभाग को दें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



