साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन को लेकर जमकर विवाद, MLA सुशांत शुक्ला की एंट्री से मचा सियासी घमासान, भ्रष्टचार के लग रहे आरोप
Intense controversy erupts over the 'Ravan Dahan' (burning of the Ravan effigy) at the Science College grounds; the involvement of MLA Sushant Shukla has triggered a political uproar, with allegations of corruption being leveled.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में रावण दहन को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा आयोजन को लेकर नगर निगम और अरपांचल लोक मंच के बीच विवाद गहराता नजर आ रहा है. अरपांचल लोक मंच ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया है. अरपांचल लोक मंच के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने नगर निगम के आयोजन पर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. वहीं, अरपांचल लोक मंच ने सोमवार को साइंस कॉलेज मैदान के बाहर रावण दहन करने का ऐलान किया.
पांच साल से आयोजन कर रहा था मंच, अब विवाद क्यों?
अरपांचल लोक मंच पिछले पांच साल से साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन का आयोजन करता आ रहा था. पिछले साल बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की तरफ से मैदान में रावण दहन का आयोजन किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था. उस समय भी अरपांचल लोक मंच ने विरोध जताया था. अब नगर निगम द्वारा दशहरा आयोजन कराए जाने को लेकर विवाद फिर सामने आ गया है.
सुधांशु मिश्रा बोले- शासन-प्रशासन के दबाव में हो रहा आयोजन
अरपांचल लोक मंच के अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि अरपांचल लोक मंच ने पहले आयोजन के लिए आवेदन किया था, लेकिन आयोजन की जिम्मेदारी ऐसी समिति को दे दी गई. जिसका उनके मुताबिक कोई स्पष्ट अस्तित्व नहीं था. उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर में कई समितियां अपने स्तर पर रावण दहन कराती हैं. तो साइंस कॉलेज मैदान में ही नगर निगम के आयोजन की जरूरत क्यों पड़ी? मिश्रा ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन के दबाव में नगर निगम यह आयोजन करा रहा है. उन्होंने इसे त्योहारों के आयोजन पर लोगों के अधिकार छीनने की कोशिश बताते हुए विरोध जारी रखने की बात कही.
24 लाख रुपये के बजट पर उठाए सवाल
सुधांशु मिश्रा ने दशहरा आयोजन के लिए कथित तौर पर तय 24 लाख रुपये के सरकारी खर्च पर भी सवाल उठाए. उनका दावा है कि रावण के पुतले, आतिशबाजी और टेंट सहित आयोजन का खर्च इससे काफी कम हो सकता है. उन्होंने कहा कि शहर की कई समितियों से रावण के पुतले और आतिशबाजी की असल लागत की जानकारी ली जानी चाहिए.
मिश्रा ने आयोजन में भ्रष्टाचार की आशंका जताते हुए टेंडर और खर्च का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की. हालांकि, खर्च को लेकर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और नगर निगम का पक्ष सामने आना बाकी है.
सुधांशु मिश्रा ने विधायक सुशांत शुक्ला पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें शहर की सांस्कृतिक समितियों से आयोजन की वास्तविक लागत की जानकारी लेनी चाहिए। अरपांचल लोक मंच इस मुद्दे पर पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विरोध जता चुकी है.
साइंस कॉलेज मैदान के बाहर कांग्रेसियों ने जलाया रावण का पुतला
साइंस कॉलेज मैदान में रावण दहन के विरोध में कांग्रेसियों ने मैदान के बाहर ही रावण का पुतला फूंककर अपनी नाराजगी जाहिर की. मैदान के भीतर रावण दहन का आयोजन और बाहर कांग्रेसियों का प्रतीकात्मक पुतला दहन—इस घटनाक्रम ने बिलासपुर में रावण दहन को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है. विधायक सुशांत शुक्ला, विजय केशरवानी और सिधांशु के नाम के साथ सामने आए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने आयोजन को लेकर बहस छेड़ दी है.
अब देखना होगा कि नगर निगम, जिला प्रशासन और आयोजन से जुड़े पक्ष इस विवाद को सुलझाने के लिए क्या कदम उठाते हैं. फिलहाल रावण दहन का मुद्दा बिलासपुर में धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन से आगे बढ़कर सियासी टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



