ज्वेलरी चोरी का खुलासा, ज्वेलर्स दुकान की दीवार में पहले किया आधा छेद, दो रात बाद उड़ाए गहने, 2 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार, 14 लाख का सामान जब्त
Jewelry theft solved: Thieves first made a partial hole in the jewelry shop's wall and stole the jewelry two nights later; two accused arrested, one at large, and goods worth ₹14 lakh seized.
रायपुर : राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो आरोपियों को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है. वारदात का मास्टरमाइंड विशाल सचदेव है. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा माल और वारदात में इस्तेमाल वाहन समेत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये का सामान जब्त किया गया है. मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है.
मिली जानकारी के मुताबिक श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स के संचालक सुनील जैन ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 29 सितंबर 2026 की रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे. अगले दिन 30 सितंबर की सुबह करीब 10.30 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ मिला. दुकान के दाहिनी तरफ की दीवार की प्लाई गिरी थी और दीवार में बड़ा छेद दिखाई दे रहा था. डिस्प्ले में रखे सोने और चांदी के जेवरात भी गायब थे.
शिकायत के बाद गुढ़ियारी थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 430/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और दुकान संचालक, कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।.इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले गए. संदिग्ध लोगों और वाहनों की गतिविधियों के साथ उनके संभावित रास्तों का तकनीकी विश्लेषण किया गया.
पुलिस ने मुखबिरों को भी सक्रिय किया और चोरी के पुराने मामलों में शामिल आरोपियों और हाल में जेल से छूटे संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई. सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सबूतों और मुखबिर से मिली खबर को जोड़ते हुए पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची.
इसके बाद विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा गया. पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकान में चोरी करना कबूल किया. पुलिस जांच में सामने आया कि विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी. फैक्ट्री के लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था. लेकिन कारोबार ठीक से नहीं चल सका. आर्थिक नुकसान की वजह से उस पर लगातार कर्ज चुकाने का दबाव था. इसी आर्थिक परेशानी के चलते उसने चोरी की प्लान बनाई.
आरोपी विशाल ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलरी दुकानों की तलाश शुरू की. इसके बाद श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स की कई दिनों तक रेकी की गई. आरोपियों ने 26-27 सितंबर की रात दुकान की पीछे की दीवार में आधा छेद किया और वहां से लौट गए. इसके बाद 29-30 सितंबर की रात वे दोबारा मौके पर पहुंचे. पहले से किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 50 हजार रुपये के सोने के जेवर, करीब 3.5 किलोग्राम चांदी के जेवर, जिनकी कीमत करीब 7 लाख 91 हजार 700 रुपये है. और 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए हैं. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार नम्बर CG04MT8303 और बिना नंबर की एक्टिवा भी जब्त की गई है. कुल जब्ती करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सचदेव, उम्र 38 साल निवासी रामली हवलाई गली के पीछे, आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक, रायपुर और सूरज ढीमर, उम्र 32 साल निवासी ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर, मध्य प्रदेश, हाल पता ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद शामिल हैं. मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है. पुलिस उसकी पहचान और ठिकाने का पता लगाकर गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और आगे की जांच में चोरी से जुड़े अन्य मामलों या आरोपियों के संबंध में भी जानकारी सामने आ सकती है.
आरोपी
विशाल सचदेव पिता लक्ष्मण दास सचदेव उम्र 38 वर्ष, निवासी रामली हवलाई गली के पीछे, आरएस बर्फ फैक्ट्री, थाना आजाद चौक, रायपुर
सूरज ढीमर पिता पुना लाल ढ़ीमर उम्र 32 साल निवासी ग्राम सुनवानी, थाना मझोली, जिला जबलपुर, मध्य प्रदेश, हाल पता ग्राम बेलसुण्डा, थाना कोतवाली, जिला महासमुंद
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



