पालकों और मासूम बच्चों से दुर्व्यवहार, जिला शिक्षा अधिकारी ने लिया सख्त एक्शन, आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग के आरोप में शिक्षिका सस्पेंड
Mistreatment of parents and innocent children: District Education Officer takes strict action; teacher suspended for using objectionable language.
बिलासपुर : बिलासपुर जिला में बिल्हा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला मटियारी में पदस्थ एक सहायक शिक्षिका को छात्रों, पालकों और साथी शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया. जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आदेश जारी किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्राथमिक शाला मटियारी में पदस्थ सहायक शिक्षक एलबी सुपर्णा टेंगवार के खिलाफ लंबे समय से अभद्र व्यवहार की शिकायतें मिल रही थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा भूपेंद्र कौशिक ने शिकायत की बारीकी से जांच की. बीईओ कार्यालय द्वारा सौंपे गए जांच प्रतिवेदन में शिक्षिका पर लगे सभी आरोपों की पुष्टि हुई. जांच रिपोर्ट में साफ हुआ कि उक्त शिक्षिका विद्यालय के अन्य शिक्षकों, मासूम बच्चों और स्कूल आने वाले पालकों के साथ लगातार दुर्व्यवहार कर रही थीं.
परिसर के भीतर उनके द्वारा बार-बार अभद्र भाषा का प्रयोग करने से स्कूल का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका था. जिला शिक्षा अधिकारी ने कृत्य को शिक्षकीय गरिमा के खिलाफ और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उल्लंघन मानते हुए तत्काल सस्पेंड कर दिया. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय बिल्हा तय किया गया है.
मर्यादा भूलकर बात-बात पर विवाद का आरोप
मटियारी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका पर आरोप है कि वे अपनी मर्जी से स्कूल चलाती थीं और टोकने पर साथी स्टाफ व बच्चों से विवाद पर उतारू हो जाती थीं। पालकों से भी मर्यादित व्यवहार नहीं होने की वजह से ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से मोर्चा खोला था.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



