जिला चिकित्सालय की जांच में सामने आई गंभीर गड़बड़ी, ब्लड सेंटर का लैब टेक्नीशियन सस्पेंड, अस्पताल में कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप
Serious irregularities revealed during an inspection of the district hospital; blood center lab technician suspended; Collector's major action at the hospital sparks a stir.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में जिला चिकित्सालय के ब्लड सेंटर में पाई गई गंभीर अनियमितताओं और लापरवाही के मामले में कलेक्टर रोहित व्यास ने प्रभारी मेडिकल लैब टेक्नीशियन (एमएलटी) पुरूषोत्तम कुंवर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
जांच के दौरान यह पाया गया कि एक्सपायर्ड ब्लड बैग को निर्धारित प्रक्रिया के मुताबिक डिस्कार्ड नहीं किया गया. साथ ही ब्लड बैग के गायब होने की जानकारी समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई और दस्तावेजों और सबूतों के साथ छेड़छाड़ किए जाने के तथ्य भी सामने आए. ब्लड सेंटर के संचालन में निर्धारित नियमों और प्रोफेशनल एथिक्स का पालन नहीं करने और दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप भी जांच में सही पाए गए.
इस मामले में जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया.
कलेक्टर ने अपने आदेश में उल्लेख किया है कि संबंधित कर्मचारी की कार्यशैली की वजह से मरीजों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी. इससे जिला चिकित्सालय और प्रशासन की छवि भी प्रभावित हुई है. इसे गंभीर कदाचार, अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की गई है.
निलंबन अवधि के दौरान पुरूषोत्तम कुंवर का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसाबहार निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



