गरियाबंद में समर्थन मूल्य 3100 रु पर धान खरीदी का शुभारंभ, राजिम में विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने धान तौलकर की शुरुआत
Paddy procurement at the minimum support price (MSP) of Rs 3,100 has commenced in Gariaband; in Rajim, the process was initiated by public representatives, including MLA Rohit Sahu, who weighed the paddy.
गरियाबंद : खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ आज उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ. धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर रणबीर शर्मा ने गरियाबंद एवं बारुला धान उपार्जन केंद्रों का मुआयना किया. उन्होंने केंद्रों में पहुंचकर किसानों से मुलाकात की. खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया.
कलेक्टर ने किसानों को आश्वस्त किया कि धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सबसे पहले गरियाबंद धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर मुआयना किया. यहां जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों की मौजूदगी में किसान लिलेश निषाद के धान का तौल कराकर खरीदी प्रक्रिया शुरु की गई. किसान लिलेश निषाद ने 9 क्विंटल धान बेचा.
इस मौके पर कलेक्टर ने किसान का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उनसे धान खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. उन्होंने किसानों से बातचीत कर टोकन व्यवस्था,धान तौल, बारदाना,पेयजल, बैठने की सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. किसानों ने भी अपनी बात रखी. कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीदी प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी और सुचारू रूप से संचालित हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े.
इस दौरान एसडीएम गरियाबंद हितेश्वरी बाघे, जिला खाद्य अधिकारी जन्मेजय नायक,सहायक पंजीयक सहकारिता महेश्वरी तिवारी सहित समिति प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद सहित कृषकगण मौजूद रहे.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
राजिम में विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने धान तौलकर की शुरुआत
राजिम : छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से हो गया है. इसी कड़ी में राजिम के समर्थन मूल्य धान उपार्जन केंद्र में भी धान खरीदी की विधिवत शुरुआत हुई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राजिम विधायक रोहित साहू ने तराजू में धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ किया. इस मौके पर राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू सहित बड़ी तादाद में किसान, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे.
वहीं फिंगेश्वर ब्लाक के ग्राम लचकेरा में भी नवीन धान खरीदी केंद्र का राजिम विधायक रोहित साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया. इस मौके पर विधायक ने धान तौलकर खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत भी की और किसानों से मुलाकात कर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया. कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित टीन शेड का भी लोकार्पण किया. नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से ग्राम लचकेरा सहित आसपास के गांवों के किसानों को धान बेचने में सुविधा मिलेगी.
विधायक रोहित साहू ने बताया कि राज्य शासन के फैसले के मुताबिक अब किसी किसान के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना जरुरी नहीं होगा. अगर किसी किसान की फसल की पैदावार कम होती है और वह अपनी उपज के मुताबिक सिर्फ 14 या 15 क्विंटल धान ही बेच पाता है, तब भी उसे 21 क्विंटल के मानक के आधार पर मिलने वाली पूरी आदान सहायता राशि का फायदा दिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि किसानों को 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 13,839 रुपये प्रति एकड़ की आदान सहायता राशि मिलेगी. इस फैसले से उन किसानों को विशेष लाभ होगा. जिनकी जमीन, सिंचाई की स्थिति या अन्य कृषि परिस्थितियों के कारण उत्पादन कम होता है. अब किसानों को पूरी सहायता राशि प्राप्त करने के लिए 21 क्विंटल धान बेचने का दबाव नहीं रहेगा. वे अपनी घरेलू आवश्यकताओं के लिए भी धान अपने पास सुरक्षित रख सकेंगे.
राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि सरकार ने अन्नदाता किसानों की उपज का सही दाम देने के साथ-साथ खरीदी की सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी व्यवस्था की है. धान खरीदी केंद्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो. इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. साथ ही प्रदेश की विष्णु देव जी की सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21क्विंटल धान की खरीदी तथा कम बिक्री पर अंतर की पूरी राशि देने की भी गारंटी भी दी गई है.
परिणामस्वरूप आज प्रदेश का किसान समृद्ध हो रहा है. आत्मनिर्भर बन रहा है और उसके चेहरे पर खुशहाली झलक रही है. यह भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों का ही परिणाम है कि आज अन्नदाता सम्मान के साथ जीवन जी रहा है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
नवापारा धान उपार्जन केंद्र में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरु
नवापारा-राजिम : छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो गया है. इसी कड़ी में नवापारा धान उपार्जन केंद्र में नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष परदेसी राम साहू एवं मंडी समिति अध्यक्ष छन्नू लाल साहू, महिला मोर्चा अध्यक्ष धनमती साहू व तहसीलदार चंद्रशेखर मंडाई ने छत्तीसगढ़ महतारी, तौल मशीन और धान की विधिवत पूजा-अर्चना कर धान खरीदी का शुभारंभ किया.
इस मौके पर उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे किसानों का नगर पालिका अध्यक्ष ने तिलक लगाकर स्वागत किया. धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही केंद्र में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई और किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला. जनप्रतिनिधियों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए धान की तौल, खरीदी प्रक्रिया एवं किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को निर्देशित किया कि किसानों को उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो. साथ ही अनावश्यक इंतजार से बचाने और खरीदी प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए.
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने कहा कि मैं खुद किसान परिवार की बेटी हूं. इसलिए किसानों के अटूट धैर्य, दिन-रात की मेहनत और प्रकृति के साथ उनके संघर्ष को भली-भांति समझती हूं. फसल उत्पादन सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि किसानों के परिश्रम, धैर्य और समर्पण की कहानी है. खेत में बीज बोने से लेकर अनाज को उपार्जन केंद्र तक पहुंचाने के हर चरण में किसान अनेक चुनौतियों का सामना करते हैं.
उन्होंने कहा कि किसान तपती धूप, कड़ाके की ठंड और मूसलाधार बारिश की परवाह किए बिना खेतों में मेहनत करते हैं. सूर्योदय से पहले सिंचाई, निंदाई-बुवाई और फसल की रखवाली उनकी दिनचर्या का हिस्सा है. ऐसे अन्नदाताओं की मेहनत का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर पारदर्शी तरीके से धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान को दर्शाती है. किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और खरीदी प्रक्रिया में किसी तरह की असुविधा न हो. यही प्राथमिकता होनी चाहिए.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



