दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर लूट की नाकाम कोशिश, जेल से सजा काट चुका शातिर आरोपी गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय गिरोह ने दिया वारदात को अंजाम
A failed attempt at gunpoint robbery in broad daylight, a notorious criminal who had served a jail sentence was arrested; the crime was carried out by an interstate gang.
बिलासपुर : शहर में दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर लूट का प्रयास करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व और सख्त निर्देशों में एसीसीयू, साइबर सेल एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया.
मिली जानकारी के मुताबिक 19 दिसंबर 2025 की सुबह करीब 7:15 बजे जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ निटी देवांगन अपने एक्टिवा वाहन से कंपनी गार्डन के पास स्थित अपनी समोसा दुकान जा रहे थे. आनंद डेयरी के पास मोटरसाइकिल में सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया. पीछे बैठे आरोपी ने कट्टा दिखाकर गले की सोने की चैन लूटने की कोशिश की. और गोली मारने की धमकी दी. प्रार्थी द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए.
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1758/25, धारा 309(5), 3(5) बी.एन.एस.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई. पुलिस टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे करीब 300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से मुआयना किया. जिससे आरोपियों की गतिविधियों का पता चला.
जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन अनुपपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मिलने पर पुलिस टीम ने दबिश देकर गगनदीप बंसल उम्र 42 साल निवासी करवल नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह पगले हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है. वहीं उसकी मुलाकात विजय लांबा से हुई थी. जिसके साथ मिलकर उसने साथियों आमीर और शकील के साथ इस वारदात की योजना बनाई.
आरोपी ने यह भी कबूल किया कि घटना को अंजाम देने के लिए तखतपुर से होंडा साइन नम्बर CG 10 AS 2450 और अंबिकापुर से टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल नम्बर CG 15 CK 1036 चोरी की गई थी. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर ली हैं.
इस मामले में विजय लांबा, आमीर और शकील फिलहाल फरार हैं. आरोपियों द्वारा इस्तेमाल कट्टा विजय लांबा के पास होना बताया गया है. पुलिस टीम लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.
इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुज कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक निमीतेश सिंह, निरीक्षक प्रदीप आर्य, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, जे.पी. निषाद सहित एसीसीयू, साइबर सेल और थाना सरकंडा की टीम के कई अधिकारियों व जवानों की अहम और सराहनीय भूमिका रही.
आरोपी
गगनदीप बंसल पिता सुरेंद्र बंसल 42 वर्ष निवासी हरिजन बस्ती, करावल नगर दिल्ली
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



