खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर, हादसे में ड्यूटी पर रायपुर जा रहे एकलौते बेटे की दर्दनाक मौत
A high speed bike rider hit a parked truck, the only son going to Raipur for duty died in the accident
रायपुर/नवापारा : रायपुर में ड्यूटी पर जा रहे एक युवक की एक्सीडेंट में मौत हो गई. युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. जिससे उसके सिर और शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई. युवक की मौके पर ही मौत हो गई. यह मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सोनेसिल्ली गांव का निवासी महेश्वर साहू उम्र 24 साल अभनपुर उरला स्थित एक कंपनी में काम करता था. महेश्वर सोमवार रात करीब 9 बजे काम पर जाने के लिए घर से बाइक से निकला था. वह कुर्रा-पिपरौद गांव के पास पहुंचा था. तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे उसकी बाइक टकरा गई. जिससे वह बुरी तरह में लहूलुहान हो गया.
इस घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई. लोगों ने इसकी खबर पुलिस और एम्बुलेंस को दी. एम्बुलेंस के जरिए युवक को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. बताया जा रहा है कि महेश्वर परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है.
आसपास के रहवासियों का कहना है कि ट्रक ड्राइवर सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन पार्क कर देते हैं, जो जानलेवा साबित हो रहा है. नवापारा-अभनपुर मार्ग पर ढाबों के सामने देर रात तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है. वाहनों में न तो इंडिकेटर ऑन रहता है और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगा होता है. इस वजह से दूर से वाहन दिखाई नहीं देते हैं. अंधेरे में हादसे हो जाते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



