शहर के व्यस्त इलाके में जनरल स्टोर से पटाखों का मिला भंडार, चार लाख रुपए का अवैध फटाखा बरामद, पुलिस ने किया मामला दर्ज
शहर के व्यस्त इलाके में जनरल स्टोर से पटाखों का मिला भंडार, चार लाख रुपए का अवैध फटाखा बरामद, पुलिस ने किया मामला दर्ज
जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में रिहायशी इलाकों में अवैध पटाखों के भंडारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. इसी कड़ी में नेताजी चौक स्थित निर्मल गुरनानी के जनरल स्टोर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी तादाद में अवैध तरीके से रखे गए पटाखों को जब्त किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की गई.
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि नेताजी चौक क्षेत्र में निर्मल गुरनानी के लक्ष्मी बैंगल जनरल स्टोर में बड़ी तादाद में अवैध पटाखों का भंडारण किया गया है. इस खबर की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित कर उक्त दुकान में छापेमारी की गई. छापे के दौरान जब पुलिस ने जनरल स्टोर के कई कमरों और गोदाम की तलाशी ली तो वहां विस्फोटक पदार्थों की बड़ी खेप पाई गई.
जब्त किए गए पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है. इन पटाखों को बिना किसी लाइसेंस या अनुमति के एक रिहायशी क्षेत्र में अवैध तरीके से संग्रहीत किया गया था. यह न सिर्फ कानून का उल्लंघन है. बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन और संपत्ति के लिए गंभीर खतरा भी है,
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि किसी भी सूरत में रिहायशी इलाकों में इस तरह के विस्फोटक पदार्थों का भंडारण नहीं किया जा सकता है. यह न सिर्फ गैरकानूनी है. बल्कि बेहद खतरनाक भी है. हमारी टीम ने फौरन कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों को जब्त किया है और दुकान मालिक निर्मल गुरनानी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
निर्मल गुरनानी निवासी वार्ड नम्बर 15 नेताजी चौक जांजगीर द्वारा लक्ष्मी बेंगल जनरल स्टोर दुकान के दुकान मालिक से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने ये पटाखे कहां से मंगवाए थे और क्या वह इनका व्यापार स्थानीय स्तर पर करता था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह स्टॉक आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए इकट्ठा किया गया था. जिसे खुदरा और थोक में बेचे जाने की प्लान थी.
विशेषज्ञों के मुताबिक रिहायशी इलाकों में अवैध पटाखों का भंडारण न सिर्फ अग्निकांड की संभावनाएं बढ़ाता है. बल्कि जरा सी चिंगारी या तापमान में बदलाव से बड़ा विस्फोट हो सकता है. ऐसे विस्फोटों में दर्जनों घरों और जानमाल का नुकसान संभव है. सरकार और प्रशासन द्वारा इस पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं.
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में चिंता का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि इस तरह की दुकानों की लगातार निगरानी की जाए और रिहायशी इलाकों में किसी भी तरह के खतरनाक या विस्फोटक वस्तुओं की बिक्री या भंडारण को सख्ती से रोका जाए. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त दुकान पर पहले भी त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों की बिक्री होती रही है. लेकिन प्रशासन की नजर में अब जाकर आया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



