चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर उतारा मौत के घाट, मर्डर के आरोपी शिक्षक कोलोराम ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर
Suspecting his wife of infidelity, a teacher named Koloram attacked her with an axe and a stick, killing her; he later surrendered at the police station.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर में बगीचा थाना क्षेत्र के रंगपुर गांव में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक चरित्र पर शक को लेकर एक शिक्षक ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर दिया. जिससे उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी शिक्षक ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शिक्षक कोलोराम बगीचा विकासखंड के बालक आश्रम लरंगा में पदस्थ था. वह छात्रावास अधीक्षक का प्रभार भी संभाल रहा था. बताया जा रहा है कि दीपावली की रात आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा और चरित्र शंका को लेकर पत्नी के साथ विवाद करने लगा. विवाद बढ़ने पर उसने पत्नी के साथ मारपीट की और गांव में घुमाकर भी उसकी पिटाई की. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शिक्षक खुद बगीचा थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया. खबर मिलते ही थाना प्रभारी विक्रांत सोम पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जरुरी सबूत जुटाने की कार्रवाई शुरू की. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वारदात के बारे में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



