बोलेरो और कार में आमने-सामने जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार, महिला शिक्षिका समेत 14 घायल, 8 घायलों की हालत नाजुक, वाहन के उड़े परखच्चे
A violent head-on collision occurred between a Bolero and a car, sparking cries and panic; 14 people, including a female teacher, were injured—8 of them critically—and the vehicles were left completely mangled.
अंबिकापुर : अंबिकापुर के प्रतापपुर-बनारस मार्ग पर शुक्रवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो और कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई. हादसे में दोनों वाहनों में सवार 14 महिला-पुरुष घायल हो गए. इनमें 8 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है. जबकि अन्य घायलों का इलाज प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है.
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई. हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की.
महिला शिक्षिका समेत कई लोग घायल, 8 की हालत नाजुक
मिली जानकारी के मुताबिक दाढ़ और रेवटी क्षेत्र के स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ एक महिला शिक्षिका सहित कुछ लोग कार से लौट रहे थे. इसी दौरान प्रतापपुर-बनारस मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार 5 महिलाओं और एक पुरुष सहित अन्य लोग घायल हो गए.
हादसे में अंबिकापुर निवासी तनु सिंह, कौस्तुभ, प्रिया, अमित, प्रतापपुर निवासी नेहा, प्रिंस व सोनू और सीतापुर निवासी राहुल, पियूष और ओमप्रकाश समेत कुल 14 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. कई घायलों के सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं.
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे घायल, मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
हादसे की खबर मिलने के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. नाजुक हालत को देखते हुए 8 घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया.
बताया जा रहा है कि बोलेरो सीतापुर क्षेत्र की है और बनारस की तरफ जा रही थी. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। फिलहाल अन्य घायलों का इलाज प्रतापपुर अस्पताल में जारी है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



