संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, नदी किनारे रात भर पहरा देती रही पुलिस; सुबह गले में बंधी दिखी रस्सी और साड़ी, हत्या की आशंका

A woman's body was found in suspicious circumstances, and police remained vigilant on the riverbank throughout the night; a rope and sari were found tied around her neck in the morning, suggesting murder.

संदिग्ध हालत में मिला महिला का शव, नदी किनारे रात भर पहरा देती रही पुलिस; सुबह गले में बंधी दिखी रस्सी और साड़ी, हत्या की आशंका

बालोद : बालोद जिले के ग्राम देवी नवागांव में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब तांदुला नदी किनारे अरहर के खेत की झाड़ियों में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला. मृतका के गले में साड़ी और उसके भीतर कपड़े की रस्सी तीन बार लिपटी हुई थी. जिससे मामला खुदकुशी नहीं बल्कि हत्या की तरफ इशारा कर रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतका सावित्री बाई निषाद उम्र 38 साल निवासी ग्राम देवी नवागांव सोमवार सुबह करीब 8 बजे शौच के लिए घर से निकली थी. लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी. शाम करीब 6 बजे गांव से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला.
मृतका की एक चप्पल उल्टी पड़ी हुई थी. एक हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी और दूसरे हाथ की मुट्ठी में मिट्टी और घास दबी हुई मिली. उसके सिर और हाथों में खरोंच के निशान भी पाए गए हैं. इन हालात को देखकर ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि सावित्री ने मरने से पहले संघर्ष किया होगा.
मृतका के पति धर्मेंद्र निषाद ने बताया कि सोमवार सुबह वह तालाब से नहाकर लौटे और बेटियों से पत्नी के बारे में पूछा. लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. रिश्तेदारों और गांव में खोजबीन के बाद शाम को गांव की महिलाओं ने नदी किनारे शव पड़े होने की खबर दी. उन्होंने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो शव उल्टी हालत में था. पलटने पर हाथ अकड़ा हुआ मिला. जिससे मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद गांव के सरपंच और पुलिस को खबर दी गई.
घटना की गंभीरता को देखते हुए बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के निर्देश पर पुलिस जवान रात भर तांदुला नदी किनारे शव की सुरक्षा में तैनात रहे. अलाव जलाकर पूरी रात निगरानी की गई. मंगलवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए. वहीं साइबर टीम मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स की जांच में जुटी रही.
मृतका के भाई अश्वनी निषाद पुलगांव (दुर्ग) के पार्षद ने बताया कि सावित्री मानसिक रुप से कमजोर थी और जल्दी भूल जाती थी. वह शांत स्वभाव की थी और ज्यादा किसी से बातचीत नहीं करती थी. उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है.
बालोद एसडीओपी बोनिफास एक्का ने बताया कि मामला संदिग्ध है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह हत्या है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है. फिलहाल परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं से जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB