14 साल से लापता नाबालिग लड़की को धमतरी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से खोज निकाला, नाम और पहचान बदलने के बावजूद तकनीकी सबूतों से मिली कामयाबी
Dhamtari police have tracked down a minor girl who had been missing for 14 years in Greater Noida; despite her having changed her name and identity, the breakthrough was achieved through technical evidence.
धमतरी : धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र से वर्ष 2012 में लापता हुई 14 साल की नाबालिग लड़की को पुलिस ने 14 साल बाद उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से सकुशल दस्तयाब किया है. इस दौरान महिला ने अपना नाम और पहचान बदल लिया था. धमतरी पुलिस ने आधुनिक तकनीक NATGRID सोशल मीडिया और तकनीकी सबूतों के आधार पर उसकी तलाश पूरी की.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सिलिडीह निवासी 14 साल की लड़की 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब एक बजे मटका लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी. लेकिन वापस नहीं लौटी. परिजनों की तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर थाना भखारा में वर्ष 2013 में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था.
लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिलने और लड़की के नाम और पहचान बदल लिए जाने की वजह से उसकी तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी. पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर पुराने गुमशुदगी के मामलों की दोबारा जांच और पतासाजी शुरू की गई. इसी दौरान भखारा पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, NATGRID और अन्य तकनीकी संसाधनों के साथ सीडीआर एवं सीएएफ का विश्लेषण किया. इससे महिला के ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-III क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली.
खबर मिलने के बाद पुलिस टीम ग्रेटर नोएडा पहुंची और स्थानीय स्तर पर पतासाजी करते हुए 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब कर धमतरी लाई. अब करीब 28 साल की हो चुकी महिला ने न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के सामने धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज कराए गए बयान में बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी. इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करने लगी. बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में उसने शादी कर ली. महिला ने अपने साथ किसी तरह की जबरदस्ती या जुर्म होने से इंकार किया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना भखारा पुलिस टीम ने की. पुलिस का कहना है कि पुराने और लंबित गुमशुदगी के मामलों में तकनीकी संसाधनों की मदद से लगातार पतासाजी की जा रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



