कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान उपजा विवाद, गांव के ग्रामीणों ने मचाया उपद्रव, राजस्व निरीक्षक पर हमला, 12 आरोपी गिरफ्तार, 21 पर मामला दर्ज

Dispute erupts during proceedings to hand over possession; villagers create a ruckus and attack the revenue inspector; 12 accused arrested, cases registered against 21.

कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान उपजा विवाद, गांव के ग्रामीणों ने मचाया उपद्रव, राजस्व निरीक्षक पर हमला, 12 आरोपी गिरफ्तार, 21 पर मामला दर्ज

बस्तर : बस्तर जिले के करपावंड गांव में जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने की कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर मारपीट हो गई. गुस्साए ग्रामीणों ने जमीन मालिक, जमीन बेचने वाले व्यक्ति और राजस्व निरीक्षक (आरआई) के साथ मारपीट कर दी. इसके बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और पुलिस बल तैनात करना पड़ा. पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. और इस मामले में कुल 21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक शेराराम चौधरी ने मदन निषाद से करीब 10 एकड़ 10 डिसमिल जमीन खरीदी थी. इस जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. मामला अदालत पहुंचा. जहां फैसला शेराराम के पक्ष में आया. अदालत के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम जमीन की नापजोख और कब्जा दिलाने गांव पहुंची.
राजस्व अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश और सरकारी रिकॉर्ड के आधार पर की जा रही थी. उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने ग्रामीणों को भड़काया. जिसके बाद माहौल बिगड़ गया और मारपीट हुई.
प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेना गलत है और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई,
वहीं ग्रामीणों और सरपंच का कहना है कि जिस सरकारी नक्शे के आधार पर नापजोख की जा रही थी. वह सही नहीं है. उनका दावा है कि संबंधित जमीन की वास्तविक स्थिति नक्शे से अलग है. ग्रामीणों का कहना है कि पहले रिकॉर्ड और नक्शे की गलती सुधारी जानी चाहिए थी. उसके बाद ही कब्जा दिलाने की कार्रवाई होनी चाहिए थी.
पुलिस के मुताबिक डाकेन नेताम और मनीराम बघेल दोनों सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 41(26), 296, 132, 221, 251 एवं 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी. घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
ASP माहेश्वर नाग ने कहा कि शांति भंग न हो इसीलिए इस मामले में कुल 21 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. जबकि 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया है. डाकेन नेताम और मनीराम बघेल ने हुज्जतबाजी करते हुए अन्य लोगों को शासकीय कार्य रोकने के लिए उकसाने का आरोप है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t