राजिम से अस्थि विसर्जन कर घर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, एक की मौके पर मौत, दो गंभीर, अज्ञात वाहन चालक फरार, CCTV खंगाल रही पुलिस
Family returning home after immersion of ashes in Rajim meets with an accident; one dies on the spot, two critically injured; unidentified driver flees; police scanning CCTV footage.
अभनपुर : अभनपुर-रायपुर मुख्य मार्ग पर एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. अभनपुर स्थित मोहन ढाबा के पास एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र का है.
त्रिवेणी संगम में अस्थि विसर्जन कर लौट रहा था परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक एक्टिवा सवार तीनों व्यक्ति राजिम स्थित पवित्र त्रिवेणी संगम में अपने मृत परिजन का अस्थि विसर्जन कर धार्मिक रीति-रिवाज संपन्न करने के बाद रायपुर वापस लौट रहे थे. वे तीनों रायपुर के ही निवासी बताए जा रहे हैं. जैसे ही उनकी एक्टिवा मोहन ढाबा के पास पहुंची. सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भयानक थी कि एक्टिवा के परखच्चे उड़ गए और तीनों सड़क पर काफी दूर जा गिरे.
एक की मौके पर मौत, दो की हालत बेहद नाजुक
इस हादसे में रायपुर निवासी हरिश्चंद्र वासुदेव को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, उनके साथ मौजूद दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. जिन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को खबर दी. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है.
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद आरोपी चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने मृतक हरिश्चंद्र वासुदेव के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के ढाबों और मुख्य मार्ग पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है. ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



