एचपी गैस एजेंसी पर छापेमारी, 6.33 लाख के 233 अवैध सिलेण्डर जब्त, लगातार मिल रही थी शिकायतें, सख्त कार्रवाई रहेगी जारी
Raid on HP Gas Agency, 233 illegal cylinders worth Rs. 6.33 lakh seized, complaints were being received continuously, strict action will continue
बलौदाबाजार-भाटापारा : खाद्य विभाग को जिले में घरेलू गैस सिलेण्डर की कालाबाजारी और एजेंसियों द्वारा वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही. जिसके बाद विभाग की टीम ने एचपी गैस एजेंसी पर छापेमारी की कार्रवाही की है. जहां से 6.33 लाख के अवैध सिलेण्डर जब्त किए गए.
मिली जानकारी के मुताबिक खाद्य विभाग की टीम ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में छापेमारी कर अवैध तरीके से घरेलू गैस सिलेण्डर का भण्डारण और ज्यादा दाम पर बेचने की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान मेसर्स मां महामाया एचपी गैस एजेंसी, करमदा में 6,33,536 रुपए मूल्य के 233 सिलेण्डर अनियमित रुप से संग्रहित पाए गए. इस पर एजेंसी संचालक सुनीता अग्रवाल और प्रबंधक तामेश वर्मा के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के प्रावधानों के तहत कार्यवाही की गई और संबंधित को नोटिस जारी किया जाएगा.
जिले में घरेलू गैस सिलेण्डर की कालाबाजारी और एजेंसियों द्वारा वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश और जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक खाद्य अधिकारी विजय कुमार किरण, लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमलनारायण साहू और शीतलेश यादव की टीम ने यह कार्रवाई की. खाद्य विभाग ने साफ किया कि घरेलू गैस सिलेण्डर का अवैध भण्डारण कर बेचने वालों और गैस एजेंसियों द्वारा वितरण में अनियमितता बरतने वालों पर आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



