कमिश्नरी लागू होने के बाद समता कॉलोनी हत्याकांड का खुलासा, चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी लीला राम शर्मा गिरफ्तार
Samta Colony murder case solved after commissionerate came into effect, victim stabbed to death, accused Leela Ram Sharma arrested
रायपुर : राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत समता कॉलोनी में हुए सनसनीखेज हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक 29 जनवरी 2026 कोअर्जुन नगर समता कॉलोनी स्थित हाथीराम मंदिर के पीछे रेलवे ट्रैक के पास एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की खबर पुलिस को मिली। खबर मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को फौरन मेकाहारा अस्पताल भिजवाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान दुर्गेश ध्रुव उम्र 25 साल के रुप में हुई. डीसीपी (पश्चिम) एवं डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया.
तकनीकी सबूतों और मुखबिर से मिली खबर के आधार पर पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में कामयाबी मिली. पुलिस ने शक के आधार पर लीला राम शर्मा उर्फ लक्की उर्फ दादू, निवासी चौबे कॉलोनी, सरस्वती नगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म करना कबूल कर लिया.
आरोपी ने बताया कि घटना के समय मृतक दुर्गेश ध्रुव नशे की हालत में था और गाली-गलौच कर रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. गुस्से में आकर आरोपी ने चाकू से दुर्गेश पर वार कर दिया. जिससे उसकी मौके पर ही नाजुक हालत हो गई और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक धारदार चाकू भी जप्त किया है। थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 24/26 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जल्द इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा और आरोपियों की गिरफ्तारी भी दर्ज की जा सकती है.
इस खुनी वारदात के बाद समता कॉलोनी और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



