गरियाबंद में कल 30 नवंबर को 230 पदों पर भर्ती के लिए लगेगा रोजगार मेला, इधर बिजली विभाग में 1501 पोस्ट के लिए अब 3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
A job fair for 230 vacancies will be held in Gariaband tomorrow, November 30; meanwhile, applications for 1,501 posts in the Electricity Department can now be submitted until December 3.
गरियाबंद : गरियाबंद जिले में 30 नवंबर को रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. जहां निजी क्षेत्र के 230 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी. खास बात यह है कि भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं और स्नातक निर्धारित की गई है, यानी अलग-अलग शैक्षणिक स्तर के युवाओं को नौकरी पाने का मौका मिलेगा.
सुबह 11 बजे से शुरू होगा रोजगार मेला
छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग और संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण के निर्देशानुसार रोजगार मेला 30 नवंबर 2026, सोमवार को जिला रोजगार कार्यालय परिसर, गरियाबंद में आयोजित होगा. भर्ती प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी. इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में शामिल होना होगा.
नौकरी के लिए ये दस्तावेज साथ रखना जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यताओं की अंकसूची और प्रमाणपत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति लेकर पहुंचना होगा। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को ई-रोजगार पोर्टल या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के जरिए ऑनलाइन पंजीयन कराना जरुरी है.
बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा मौका
जिले के युवाओं के लिए यह रोजगार मेला निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का एक अच्छा मौका है. रोजगार कार्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने और इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. रोजगार मेले से संबंधित जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के फोन नंबर 07706-241269 एवं मोबाइल नंबर 93295-59607 पर संपर्क किया जा सकता है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb
बिजली विभाग में 1501 पोस्ट के लिए अब 3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
रायपुर : छत्तीसगढ़ की तीनों बिजली कंपनियों में कुल 1501 पदों पर निकली भर्ती के लिए अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं. इनमें डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों को लेकर सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा है. इस पद के 609 रिक्तियों के लिए करीब 81 हजार आवेदन मिले हैं.
अभ्यर्थियों को आवेदन का अतिरिक्त अवसर देने के लिए पावर कंपनी प्रबंधन ने ऑनलाइन आवेदन की आखरी तारीख बढ़ा दी है. पहले आवेदन की आखरी तारीख 26 नवंबर 2026 निर्धारित थी. जिसे बढ़ाकर अब 3 दिसंबर 2026 कर दिया गया है. इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन के साथ निर्धारित शुल्क भी जमा कर सकेंगे.
तीन बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर होगी भर्ती
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, पावर ट्रांसमिशन कंपनी और पावर जनरेशन कंपनी में भर्ती अभियान के तहत कुल 1501 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें द्वितीय श्रेणी के 195 और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद शामिल हैं. कुल 38 अलग-अलग तरह के पदों के लिए भर्ती की जाएगी.
डाटा एंट्री ऑपरेटर के पदों पर सबसे ज्यादा दावेदारी
भर्ती में डाटा एंट्री ऑपरेटर का पद युवाओं की पहली पसंद बना हुआ है. इस पद के 609 रिक्त स्थानों के लिए करीब 81 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इस हिसाब से एक पद के लिए औसतन 133 से ज्यादा उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा. इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता समेत कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए भी आवेदन किए जा रहे हैं.
CBT परीक्षा से होगा चयन, मेरिट के आधार पर बनेगी लिस्ट
पावर कंपनियों में सभी पदों के लिए चयन प्रक्रिया कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) के जरिए पूरी की जाएगी. परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार होगी. डाटा एंट्री ऑपरेटर पद के लिए मेरिट में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट भी देना होगा. वहीं, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी.
3 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है. भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन की सुविधा पावर कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट cspc.co.in पर उपलब्ध है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



