डिजिटल अरेस्ट के नाम पर रिटायर्ड शिक्षक से 23 लाख की ठगी, सीबीआई अधिकारी बनकर दी गिरफ्तारी की धमकी, दो आरोपी गिरफ्तार, अकाउंट होल्ड
A retired teacher was duped of 23 lakh rupees in the name of digital arrest, a CBI officer threatened to arrest him, two accused arrested, account held.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डिजिटल अरेस्ट और साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुसौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बेंगलुरु से दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है. ठगों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को सीबीआई अधिकारी बनकर डराया और उनसे 23 लाख 28 हजार रुपये हड़प लिए थे.
मिली जानकारी के मुताबिक पुसौर क्षेत्र के ग्राम जतरी निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक गरुण सिंह पटेल उम्र 72 साल को अक्टूबर 2025 में अनजान नंबरों से कॉल आए. फोन करने वाले ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताया और डराया कि मुंबई में उनके नाम से एक अवैध खाता खुला है. ठगों ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसने और गिरफ्तारी का डर दिखाकर पीड़ित को “जांच” के नाम पर पूरी जमापूंजी सरकारी खाते में ट्रांसफर करने को कहा. डर के मारे शिक्षक ने 25 से 29 अक्टूबर के बीच 12 किस्तों में कुल 23,28,770 रुपये आरोपियों के खातों में भेज दिया.
जब ठगों ने और पैसों की मांग की, तब पीड़ित ने अपने बेटे को आपबीती सुनाई और मामला पुसौर थाने पहुंचा. एसएसपी के निर्देश पर टीआई मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. तकनीकी जांच और बैंक ट्रांजैक्शन के आधार पर पुलिस को आरोपियों के कर्नाटक के बेंगलुरु में होने का सुराग मिला. रायगढ़ पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर विग्नेश प्रकाश और स्टीफन थॉमस को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की बदौलत आरोपियों के बैंक खातों में जमा 17 लाख रुपये से ज्यादा की रकम को समय रहते होल्ड (फ्रीज) करा दिया गया है. पुलिस ने इनके पास से जुर्म में इस्तेमाल दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया है और अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी -
1. विग्नेश पी. पिता ए. प्रकाश उम्र 29 वर्ष निवासी 4/1 15 कॉस 4 मेन रोड सम्पन्नगिरीनगर बैगलोर साउथ विलसन गार्डन बैंगलोर कर्नाटका वर्तमान पता श्रीनिवासा कॉलोनी 33 सुदामा नगर बैगलूरू कर्नाटका
2. स्टीफन थॉमस पिता उम्र 54 वर्ष म.नं. 24, 3 कॉस 4 मेन, थाना सुब्रमण्यम नगर, बैंगलूरू कर्नाटका
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



