स्कॉर्पियो पर सड़क किनारे बर्थडे सेलिब्रेशन पड़ा भारी, वायरल वीडियो बना मुसीबत, पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक और गर्लफ्रेंड के खिलाफ लिया एक्शन
A roadside birthday celebration in a Scorpio proved costly; the viral video caused trouble. Police seized the vehicle and took action against the driver and his girlfriend.
बिलासपुर : सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में सड़क को पार्टी स्पॉट बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया. कोनी थाना क्षेत्र में देर रात ब्लैक स्कॉर्पियो के सामने केक काटकर जन्मदिन मनाने और पटाखे जलाकर आतिशबाजी करने का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई. मामले को गंभीरता से लेते हुए कोनी पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, वहीं चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड में देर रात कुछ युवक-युवतियां काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन नम्बर CG 10 BP 3926 के साथ सड़क किनारे जन्मदिन का जश्न मना रहे थे. इसी दौरान गाड़ी के सामने केक काटा गया और पटाखे जलाकर आतिशबाजी की गई. पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया. जो देखते ही देखते वायरल हो गया.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा था कि सड़क पर वाहनों की आवाजाही के बीच युवक-युवतियां बिना किसी सुरक्षा के खड़े होकर जश्न मना रहे हैं. आतिशबाजी और सड़क पर जमा भीड़ के कारण अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. पुलिस का कहना है कि इस तरह की हरकतें सड़क हादसों को न्योता देने जैसी हैं.
वायरल वीडियो ने पहुंचाया थाने तक..
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर वाहन की तलाश शुरू की गई और कुछ ही समय में स्कॉर्पियो वाहन को पकड़ लिया गया. जांच में वाहन चालक की पहचान अरविंद सैनी उम्र 31 साल निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई
पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाना परिसर लाया और चालक से पूछताछ की. पूछताछ में चालक ने कबूल किया कि उसने यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन किया था. पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सोशल मीडिया पर रील बनाने और वायरल होने के उद्देश्य से यह पूरा स्टंट किया गया था.
सड़क पर रीलबाजी बन रही खतरा..
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने की होड़ में युवा सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं. कोई बाइक पर करतब दिखा रहा है तो कोई चलती कार की छत पर बैठकर वीडियो बना रहा है. ऐसे मामलों में कई बार गंभीर हादसे भी सामने आ चुके हैं.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क मनोरंजन या रील बनाने की जगह नहीं है. थोड़ी सी लापरवाही न केवल खुद की जान जोखिम में डालती है. बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा करती है.
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी..
छत्तीसगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील किया कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी न करें। सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट, आतिशबाजी और लापरवाहीपूर्ण गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल कोनी थाना पुलिस द्वारा चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



