फाइनेंस कंपनी में 7.58 लाख रुपये की गड़बड़ी का आरोप, 40 ग्राहकों से वसूली की रकम जमा नहीं करने पर मामला दर्ज, आरोपी विक्रम गिरफ्तार

Allegations of a ₹7.58 lakh fraud at a finance company; case registered for failure to deposit funds collected from 40 customers—accused Vikram arrested.

फाइनेंस कंपनी में 7.58 लाख रुपये की गड़बड़ी का आरोप, 40 ग्राहकों से वसूली की रकम जमा नहीं करने पर मामला दर्ज, आरोपी विक्रम गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने फाइनेंस कंपनी में कार्यरत रहते हुए महिला हितग्राहियों की लोन किस्तों की रकम गबन करने के आरोपी विक्रम सिंह सिदार उम्र 20 साल को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है. आरोपी पर 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त एवं लोन क्लोज करने के नाम पर कुल 7,58,937/- लेने और कंपनी में जमा नहीं कर रकम का गबन करने का आरोप है.
पुलिस ने आरोपी को हैदराबाद की एक कपड़े की दुकान से पकड़ा. रायगढ़ लाकर गिरफ्तार किया और अदालत में पेश करने के बाद जेल वारंट पर जेल दाखिल कराया. दरअसल 31 अगस्त 2026 को भारत फाइनेंशियल इनक्लूजन लिमिटेड, रायगढ़ शाखा के वर्तमान शाखा प्रबंधक वासुदास मानिकपुरी ने थाना सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी में कलेक्शन एजेंट के पद पर कार्यरत विक्रम सिंह सिदार ने सितंबर 2023 से अगस्त 2024 के दौरान 40 महिला हितग्राहियों से लोन की किस्त और बकाया लोन की रकम एकमुश्त जमा करने के नाम पर प्राप्त की. लेकिन उक्त रकम कंपनी में जमा नहीं की. महिलाओं द्वारा इस संबंध में शाखा में लिखित शिकायत भी दी गई थी.
हितग्राहियों की कुल बकाया रकम 7,58,937/- बताई गई. पूर्व में आरोपी से मोबाइल फोन पर संपर्क किए जाने पर उसने कुछ दिनों में रकम कंपनी में जमा करने की बात कही थी. लेकिन बाद में मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया. मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच में लिया गया.
जाचं के दौरान शिकायतकर्ता और महिला हितग्राहियों के बयान दर्ज किए गए. साथ ही 31 ग्राहकों के खाते संबंधी लेजर और पासबुक की सत्यापित छायाप्रतियां जब्त की गईं. जिनमें कुल 7,58,937/- की राशि लंबित दर्शाई गई है. आरोपी विक्रम सिंह सिदार पिता बाबूलाल सिदार, निवासी अमेराडीह, वार्ड नम्बर 3, पोस्ट पिहरीद, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती के पते पर जांच करने पर उसके फरार होने की जानकारी मिली.
आरोपी के हैदराबाद में होने की खबर मिलने पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एएसआई विलफ्रेड मसीह एवं प्रधान आरक्षक प्रकाश तिवारी को हैदराबाद रवाना किया. पुलिस टीम ने बंजारा हिल्स क्षेत्र में पतासाजी कर आरोपी को एक कपड़े की दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करते हुए पकड़ा और हिरासत में लेकर रायगढ़ लाई.
पूछताछ में आरोपी ने गबन की गई रकम खर्च कर देना बताया. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया. जहां से उसे जेल वारंट पर जेल भेज दिया गया. रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है.
आरोपी
विक्रम सिंह सिदार पिता बाबूलाल सिदार निवासी अमेराडीह, वार्ड नम्बर 3, पोस्ट पिहरीद, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb