आवास के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, जांच में पहुंचे अधिकारी, जमकर हंगामा, कार्रवाई की मांग, बीजेपी नेता पूर्व सरपंच को ग्रामीणों ने निकाला बाहर
Allegations of soliciting money in the name of housing; officials arrived for an inquiry amidst a massive uproar and demands for action; villagers drove out a BJP leader and former Sarpanch.
महासमुंद/बसना : बसना विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़फुलझर में प्रधानमंत्री आवास योजना में रोजगार सहायक पर अवैध वसूली का मामला गरमा गया है. ग्रामीणों की शिकायतों के बाद जांच अधिकारी मामले की पड़ताल करने गढ़फुलझर पहुंचे थे. जहां जांच बैठक के दौरान भारी हंगामा हो गया.
ग्रामीण सोहन लाल पांडे सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान रोजगार सहायक द्वारा पात्र हितग्राहियों को आवास का फायदा देने के एवज में पैसों की मांग की जाती है. ग्रामीणों का आरोप है कि एक ही परिवार के कई सदस्यों को बार-बार आवास आबंटित कर दिया गया. जबकि सालों पुराने जरूरतमंद और पात्र परिवार आज भी इस लाभ से वंचित हैं.
जांच के दौरान माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया. जब बैठक में मौजूद पूर्व सरपंच और पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि बीजेपी नेता सोमनाथ पांडेय ग्रामीणों के विरोध के बावजूद खुलकर रोजगार सहायक के समर्थन में बात करने लगे. इससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों ने पूर्व जनप्रतिनिधि पर मिलीभगत और साजिश का आरोप लगाते हुए उन्हें बैठक से बाहर निकाल दिया.
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों के सामने अपने बयान दर्ज कराए हैं और रोजगार सहायक पर कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों की शिकायतों और बयानों की सूची तैयार कर आगे की जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



