तीन वर्षीय बच्ची के अपहरण का प्रयास, पोती को बचाने दौड़ी दादी को युवक ने चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपी पड़ोसी प्रशांत गिरफ्तार
Attempted abduction of a three-year-old girl; grandmother, who rushed to save her granddaughter, was attacked with a knife by a young man and killed—accused, a neighbor named Prashant, has been arrested.
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां तीन साल की मासूम बच्ची को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे पड़ोसी युवक को रोकना उसकी दादी को भारी पड़ गया. आरोपी ने महिला पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गईं. परिजन उन्हें फौरन सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतका की पहचान राजकुमारी यादव उम्र 56 साल के रुप में हुई है. आरोपी पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था. वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी प्रशांत शुक्ला उम्र 26 साल को गिरफ्तार कर लिया है. यह वारदात सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्रा की है.
घर में खेल रही मासूम को उठाकर ले जा रहा था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक घटना 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे तीन साल की बच्ची अपने घर में खेल रही थी. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला प्रशांत शुक्ला धारदार हथियार लेकर वहां पहुंचा. आरोप है कि युवक बच्ची को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगा. बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव की नजर जब आरोपी पर पड़ी तो उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपी हिंसक हो गया.
पोती को बचाने आगे आई दादी पर चाकू से हमला
बच्ची की दादी राजकुमारी यादव ने आरोपी को रोकते हुए अपनी पोती को बचाने की कोशिश की. इससे नाराज आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से महिला पर लगातार वार कर दिया. चाकू के हमले से राजकुमारी गंभीर रुप से घायल हो गई. और खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी. महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. लोगों को आता देखकर आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया.
सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत
वारदात के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल राजकुमारी यादव को फौरन इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का इलाज शुरू किया. लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इलाज के दौरान राजकुमारी यादव की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पोती को बचाने के प्रयास में दादी की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है.
पुरानी रंजिश के चलते बच्ची को बनाया निशाना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रशांत शुक्ला का पीड़ित परिवार से पहले भी विवाद होता रहता था. बताया जा रहा है कि राजकुमारी यादव का परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है. आरोपी उनके पड़ोस में रहता है और किसी न किसी बात को लेकर परिवार से विवाद करता था. इसी पुरानी रंजिश की वजह से आरोपी तीन साल की बच्ची को जान से मारने की नीयत से अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था. हालांकि घटना के पीछे की पूरे हालात की जांच पुलिस कर रही है.
पुलिस ने आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
वारदात की खबर मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरु की. आरोपी की तलाश करते हुए पुलिस ने प्रशांत शुक्ला उम्र 26 साल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. बिलासपुर में अलग-अलग क्षेत्रों से चाकूबाजी की घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है. तोरवा में पत्नी पर चाकू से हमला: पत्नी के रिश्तेदार के साथ चले जाने से नाराज पति ने सब्जी काटने वाले चाकू से उस पर हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



