जंगल में मिली लापता युवती की लाश, इलाके में फैली सनसनी, मौके से जहर की शीशी बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
Body of missing young woman found in forest; sensation grips the area; poison vial recovered from the scene; family alleges murder; police investigating.
कोरबा : कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह के जंगल में संदिग्ध हालत में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई. घने जंगल के भीतर शव मिलने की खबर के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. घटना की खबर मिलते ही बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. यह घटना बालको थाना क्षेत्र के नवाडीह जंगल की है.
मिली जानकारी के मुताबिक सरपंच पति राय सिंह कंवर ने लाश मिलने की जानकारी थाने में दी. दुर्गम रास्ते और घने जंगल के कारण घटनास्थल तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम जंगल के अंदर पहुंची और आवश्यक जांच शुरू की.
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मृतका की पहचान भैरोताल निवासी सपना धनुवार पिता हरिराम धनुवार उम्र 20 साल के रूप में की. जांच में पता चला कि कुसमुंडा थाना क्षेत्र से मृतका की गुमशुदगी की रिपोर्ट करीब 20 दिनों पहले दर्ज कराई गई थी. तब से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. लंबे समय बाद जंगल में शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया.
घटनास्थल से पुलिस को मृतका के पास से जहर की शीशी भी बरामद हुई है. इससे मामला संदिग्ध हालात की तरफ इशारा कर रहा है. हालांकि मौत की सही वजह का पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही खुलासा हो सकेगा.
पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. यह आत्महत्या है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. पुलिस ने सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है और जंगल के आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
इधर, इस घटना के बाद सोमवार को मामला और गरमा गया जब बड़ी तादाद में परिजन और ग्रामीण बालको थाना पहुंचे. उन्होंने थाने के बाहर प्रदर्शन करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों का आरोप है कि सपना ने आत्महत्या नहीं की है. बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है. परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग किया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाए और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए.
ग्रामीणों का कहना है कि युवती के लापता होने के बाद से ही वह लगातार तलाश में थे. लेकिन अब शव मिलने से कई तरह की शंकाएं गहरा गई हैं. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों को समझाइश दी और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है. ग्रामीणों में रोष है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने कहा कि जल्द ही जांच पूरी कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



