रामायण आयोजन के लिए नहीं दे सका चंदा, गांव ने किया बुजुर्ग का 'हुक्का-पानी बंद, तीन साल से झेल रहा दंश, कलेक्टर-एसएसपी से लगाई गुहार
Elderly man ostracized by village—denied access to community hookah and water—for failing to contribute funds for a Ramayana event; he has been suffering the consequences for three years and has now appealed to the Collector and SSP for help.
बिलासपुर/रतनपुर : बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से सामाजिक बहिष्कार का मामला सामने आया है. ग्राम नवागांव मोहदा के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि नवधा रामायण आयोजन के लिए चंदा नहीं देने पर गांव के लोगों ने उनका सामाजिक बहिष्कार कर दिया। पीड़ित का कहना है कि उनसे बातचीत, हुक्का-पानी, खेती-किसानी और मजदूरी तक बंद करा दी गई. मामले में उन्होंने कलेक्टर और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है.
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव मोहदा के पीड़ित संतोष कुमार साहू उम्र 57 साल ने बताया कि साल 2023 में गांव में नवधा रामायण का आयोजन हुआ था. उस समय आर्थिक तंगी की वजह वे चंदा नहीं दे सके. उनका आरोप है कि इसके बाद गांव में बैठक कर उनके सामाजिक बहिष्कार का फैसला लिया गया. उन्होंने बताया कि गांव वालों ने उनसे सभी तरह के सामाजिक संबंध खत्म कर दिए. इतना ही नहीं, जो कोई उनसे बातचीत करेगा। उस पर भी जुर्माना लगाने की बात कही गई.
गांव में काम करना भी हुआ मुश्किल
संतोष साहू ने बताया कि वे निसंतान हैं और अपनी बीमार पत्नी के साथ रहते हैं. सामाजिक बहिष्कार की वजह से उनका सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है. उनका कहना है कि गांव के माहौल की वजह से वे खेती-किसानी और मजदूरी जैसे काम भी सामान्य रूप से नहीं कर पा रहे हैं.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
पीड़ित ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसी वजह से उन्होंने कलेक्टर और एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
फिलहाल प्रशासन की तरफ से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



