गाली देने से रोका तो पिता-पुत्र पर तलवार और डंडे से जानलेवा हमला, पुलिस तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, एक फरार आरोपी की तलाश जारी
Father and son subjected to a life-threatening attack with swords and sticks after they objected to the use of abusive language; police have arrested three accused, while a search is underway for one suspect who remains at large.
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली विवाद को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में जूटमिल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने हाथ-मुक्का, डंडे और तलवार से हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं. मामले में हत्या के प्रयास के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं. वहीं, एक अन्य आरोपी फरार है. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
गाली-गलौज करने से मना किया तो किया हमला
मिली जानकारी के मुताबिक सोनुमुड़ा सोनकरपारा निवासी मनोज पानीकर पिता नंदकिशोर पानीकर उम्र 49 साल ने 31 अक्टूबर 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर लौटे थे. इसी दौरान उनके घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार और उनके अन्य साथी स्कूटी का पेट्रोल खत्म होने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे. मनोज पानीकर ने युवकों को गाली-गलौज करने से मना किया.
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सभी ने एक राय होकर मनोज और उनके बेटे प्रिंस पर हमला कर दिया. आरोपियों ने दोनों के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट करने के साथ डंडे और तलवार का भी इस्तेमाल किया. हमले में पिता-पुत्र को चोटें आईं. वारदात के बाद मनोज पानीकर ने जूटमिल थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
जांच में जोड़ी गई हत्या के प्रयास की धारा
प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर जूटमिल पुलिस ने अपराध क्रमांक 664/2026 दर्ज किया. शुरुआत में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए. मिले सबूतों और घटना की गंभीरता के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस और धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी.
तीन आरोपी गिरफ्तार, तलवार और कपड़े जब्त
आरोपियों की पतासाजी के दौरान जूटमिल पुलिस की टीम ने उनके निवास स्थानों पर दबिश दी. इस दौरान दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु और छबी भट्ट उर्फ डब्बु को पकड़ा गया. पुलिस ने आरोपी दिनदयाल भट्ट के मकान से वारदात में इस्तेमाल धारदार तलवार और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं. जब्त तलवार की लंबाई और चौड़ाई के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु पिता महेत्तर भट्ट उम्र 28 साल निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड नम्बर 38, थाना जूटमिल रायगढ़
2. पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु पिता अश्वनी सिंह सिदार उम्र 18 साल 1 महिना निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड नम्बर 38, थाना जूटमिल रायगढ़
3. छबी भट्ट उर्फ डब्बु पिता स्व छेदीलाल भट्ट उम्र 42 साल निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, वार्ड नम्बर 38, थाना जूटमिल रायगढ़
चौथे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी धनी भट्ट अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



