जेवर चमकाने के नाम पर असली सोने की मोहर बदलकर नकली सील से ठगी, धोखाधड़ी करने वाली 4 महिलाएं 24 घंटे में गिरफ्तार, 1.70 लाख का सामान जब्त
Four women arrested within 24 hours for fraud involving the swapping of genuine gold seals for fake ones under the guise of polishing jewelry; goods worth ₹1.70 lakh seized.
सूरजपुर/बिश्रामपुर : छत्तीसगढ़ में नकली सोने की मोहर के जरिए लोगों को ठगने वाले गिरोह का बिश्रामपुर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिलाएं असली सोने की मोहर दिखाकर ग्राहकों का भरोसा जीतती थीं और सौदा तय होने के बाद चालाकी से उसे नकली मोहर से बदल देती थीं. मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी महिलाएं गांव-गांव घूमकर लोगों को सोने की माला और दुसरे जेवर साफ करने का झांसा देती थीं. जेवर चमकाने के बहाने वे असली सोने के मोहर और आभूषणों की अदला-बदली कर लोगों को ठगती थीं. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई.
जांच के दौरान पुलिस ने चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने के मोहर, नकली मोहर, डाई और ठगी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान जब्त किया है. जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 असली सोने की मोहर, 10 नकली सोने जैसी दिखने वाली मोहर, नकली मोहर बनाने की 8 डाई, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, कटर ब्लेड, रेती, कैंची सहित अन्य उपकरण बरामद किया.
एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि यह बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुरुवां का मामला है. चार महिलाएं चुड़ी बेचने के बहाने रामकली राजवाड़े के घर पहुंचीं. बातचीत के दौरान उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं को सोने के गहनों की सफाई और गुथाई करने की बात कही. महिलाओं के झांसे में आकर रामकली राजवाड़े और उनके रिश्तेदार ने अपने सोने के गहने उन्हें सौंप दिए.
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं ने पहले रिश्तेदार की माला को गुथकर वापस कर दिया, जिससे उनका विश्वास और बढ़ गया. इसी बीच उन्होंने रामकली राजवाड़े की दो सोने की मोहरों वाली माला को बदल दिया और उसकी जगह नकली मोहर रख दी. इसके बाद चारों महिलाएं वहां से चली गईं.
पुलिस ने बताया कि शाम को जब रामकली ने गहनों की जांच की तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ. इसके बाद उन्होंने तत्काल बिश्रामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच के दौरान आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 8(5) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



