खेत में जंगली जानवरों के लिए बिछाया गया अवैध तार. करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत, दूसरा घायल, जांच में जुटी पुलिस
Illegal wire was laid in a field for wild animals. One young man died and another was injured after being electrocuted. Police are investigating.
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर : जिले के भरतपुर ब्लॉक के रॉपा गांव में करंट लगने से 37 साल के नंदलाल पंडो की मौत हो गई. इस घटना में उन्हें बचाने की कोशिश में राजेश पंडो नामक युवक घायल हो गया. घायल राजेश का इलाज जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है. यह मामला कोटाडोल थाना क्षेत्र का है.
कोटाडोल थाना के जांच अधिकारी के मुताबिक नंदलाल अपने साथियों के साथ नदी से मछली पकड़कर घर लौट रहे थे. रास्ते में एक खेत के पास बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में वह आ गए. साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. इस दौरान राजेश पंडो भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक खेत में करंट प्रवाहित तार जंगली जानवरों को फंसाने के इरादे से अवैध तरीके से लगाया गया था. अंधेरा होने की वजह से नंदलाल तार को देख नहीं सके. तार के संपर्क में आते ही मौके पर उनकी मौत हो गई.
खबर मिलते ही कोटाडोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई. बाद में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने जांच शुरु कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि खेत में करंट वाला तार किसने बिछाया था.
क्षेत्र में फसल की सुरक्षा के नाम पर करंट वाले तार लगाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं. पुलिस ने लोगों से अपील किया है कि जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए इस तरह के खतरनाक, गैरकानूनी उपायों का इस्तेमाल न करें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



